रायपुर, 27 मार्च । भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने शुक्रवार को देशवासियों को रामनवमी पर्व की बधाई देते हुए कहा कि सभी को रामनवमी का पर्व मनाना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि खासकर रामनवमी पर कांग्रेस को पूजा करनी चाहिए, क्योंकि कांग्रेस का सफाया हो रहा है। प्रभु राम को काल्पनिक ना मानकर रामनवमी मनाएं। भगवान से सद्बुद्धि की मांग करें, ताकि वे मजबूत विपक्ष के रूप में बने रहे।
कांग्रेस पंचायत स्तर पर कमेटियों का गठन करेगी। इस मामले में पुरंदर मिश्रा ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस बोलती कुछ और करती कुछ है। अब तक प्रदेश, ब्लॉक, मंडल का गठन नहीं कर पाई है। पंचायतों में कमेटी का गठन करना कांग्रेस के लिए असंभव है इसलिए कांग्रेस में आलू से सोना निकलता है। कांग्रेस पार्टी का जनाधार खिसक चुका है।
छत्तीसगढ़ के जेलों में 285 कैदियों की मौत मामले में एनएचआरसी ने मुख्य सचिव को नोटिस भेजा है। इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के तंज पर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि सरकार की आंखें खुली है, कान से भी जोर से सुन रहे हैं, तभी छत्तीसगढ़ प्रदेश चल रहा है। कई अपराधी जेल में है, जितना उनको जीवन दिया है उतना अपराधी जिएगा। यह एक प्रक्रिया है। हमको इसके खिलाफ बोलने का अधिकार नहीं है। जो जेल में है और जेल से बाहर है उन्हें लंबी उम्र भगवान दे। शासन अपने स्तर पर काम कर रही है। जो भी काम में गड़बड़ी करेगा उसे साय सरकार नहीं छोड़ेगी।







