Breaking News

मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश में भीषण गर्मी और 'हीटवेव' (लू) के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की

post

मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश में भीषण गर्मी और 'हीटवेव' (लू) के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की

रायपुर, 27 अप्रैल । छत्तीसगढ़ में बस्तर को छोड़कर बाकी सभी इलाकों में लू जैसी स्थिति है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है। जबकि न्यूनतम तापमान भी 28.3 डिग्री पहुंच गया है।भारत मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश में भीषण गर्मी और 'हीटवेव' (लू) के साथ-साथ कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की है।

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया है कि प्रदेश के दक्षिणी भाग में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाओं का आगमन प्रारंभ हो चुका है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।उत्तर पूर्व झारखंड में दूसरा ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण फैला है। इसके अलावा मध्य प्रदेश के मध्य भाग में तीसरा ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण फैला हुआ है। इसके चलते प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा तेज हवा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे चलने की संभावना है। एक-दो हिस्सों में ग्रीष्म लहर चलने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को रायपुर में तापमान 45 डिग्री के आसपास रहने और लू चलने की संभावना है।रायपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने लू का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। अगले 3 दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है।हालांकि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। बावजूद इसके गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं।

प्रदेश में सर्वाधिक तापमान राजनांदगांव में 44.5 और 44.4 डिग्री बिलासपुर में दर्ज किया गया। जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री रहा। लू चलने की चेतावनी जारी करते हुए मौसम विभाग ने कहा है कि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है।

रायपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस, माना एयरपोर्ट में 43.8 डिग्री, बिलासपुर में 44.4 डिग्री, पेण्ड्रारोड में 42.5 डिग्री, अंबिकापुर में 41.5 डिग्री, जगदलपुर में 38.1 डिग्री और दुर्ग में 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।उसके पश्चात अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER