Breaking News

आरसीबी ने आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में एमआई को हराकर प्लेऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिया ।


खेल 11 May 2026
post

आरसीबी ने आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में एमआई को हराकर प्लेऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिया ।

रायपुर, 10 मई । रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 के बेहद रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस (एमआई) को 2 विकेट से हराकर प्लेऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिया है। रायपुर में खेले गए इस लो-स्कोरिंग लेकिन हाई-वोल्टेज मैच में बेंगलुरु ने अंतिम गेंद पर 167 रन का लक्ष्य हासिल किया। इस हार के साथ मुंबई इंडियंस टूर्नामेंट से बाहर हो गई। लगातार दो हार के बाद आरसीबी की यह शानदार वापसी रही और टीम पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई।

मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने सिर्फ तीन ओवर के अंदर अपने शुरुआती तीन विकेट गंवा दिए। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव समेत तीन बल्लेबाजों को जल्दी आउट कर मुंबई को दबाव में डाल दिया। हालांकि रोहित ने 10 गेंदों पर 22 रन की तेज पारी खेली।

इसके बाद नमन धीर और तिलक वर्मा ने पारी संभाली। दोनों के बीच 82 रन की अहम साझेदारी हुई, जिससे मुंबई 100 रन के पार पहुंच सकी। नमन अर्धशतक से चूक गए, जबकि तिलक वर्मा ने शानदार फिफ्टी लगाई। मगर 18वें ओवर में भुवनेश्वर ने तिलक को आउट कर मुंबई की रफ्तार रोक दी। मुंबई की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 166 रन ही बना सकी। भुवनेश्वर ने 4 विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए बेंगलुरु की शुरुआत भी खराब रही। विराट कोहली लगातार दूसरे मैच में खाता खोले बिना आउट हो गए। दीपक चाहर ने शुरुआती झटके देकर आरसीबी को मुश्किल में डाल दिया। इसके बाद क्रुणाल पांड्या और जैकब बैथेल ने पारी को संभाला। बैथेल के आउट होने के बाद भी क्रुणाल टिके रहे और सिर्फ 32 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया।

आखिरी ओवर में आरसीबी को 15 रन चाहिए थे। मुकाबला लगातार पलटता रहा। रोमारियो शेफर्ड के आउट होने के बाद भी बेंगलुरु ने हिम्मत नहीं हारी। भुवनेश्वर ने दबाव में छक्का जड़ा और अंतिम गेंद पर रसिख सलाम ने 2 रन लेकर टीम को यादगार जीत दिला दी।

क्रुणाल पंड्या की 73 रन की मैच जिताऊ पारी और भुवनेश्वर कुमार की घातक गेंदबाजी इस जीत की सबसे बड़ी वजह रही।

You might also like!


RAIPUR WEATHER