जगदलपुर, 15 मई । बस्तर जिले में महतारी वंदन योजना के अंतर्गत केवाईसी प्रक्रिया के नाम पर महिलाओं से कथित रूप से अवैध वसूली किए जाने का मामले काे लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रोहित पाणिग्रही एवं ब्लॉक कांग्रेस सचिव सुजीत मिश्रा ने नाराजगी जताते हुए जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि, शासन द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई महतारी वंदन योजना में केवाईसी प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क घोषित होने के बावजूद जिले के कई क्षेत्रों में महिलाओं से 50 से 150 रुपये तक वसूले जा रहे हैं ।
महामंत्री रोहित पाणिग्रही ने कहा कि, महिलाओं की मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे पैसे लेना गलत है, और यह मातृशक्ति के सम्मान के खिलाफ है। नेताओं ने आरोप लगाया कि, कुछ चॉइस सेंटर, कियोस्क संचालक और बिचौलिए योजना के नाम पर अवैध कमाई कर रहे हैं । उन्हाेने प्रशासन से मांग की है कि अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही जिले में फ्लाइंग स्क्वॉड गठित कर औचक निरीक्षण कराया जाए तथा पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं को बताया जाए कि केवाईसी प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि, यदि 48 घंटे के भीतर इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर जन-आंदोलन किया जाएगा।







