नागपुर, 15 मई । महाराष्ट्र में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुणे के हडपसर इलाके में अस्पताल में बम जैसी संदिग्ध वस्तु रखने के मामले के मुख्य आरोपित को नागपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान शिवाजी राठौड़ के रूप में हुई है, जिसे महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) ने उस समय पकड़ा जब वह ट्रेन से फरार होने की कोशिश कर रहा था।
सूत्रों के अनुसार पुणे के हडपसर स्थित उषाकिरण अस्पताल के पहले मंजिल के शौचालय में बुधवार शाम लगभग 7 बजे टाइमर बम जैसी संदिग्ध वस्तु मिलने से अफरा-तफरी मच गई थी। घटना सामने आते ही अस्पताल परिसर में दहशत फैल गई और प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।हडपसर पुलिस, बम निरोधक दस्ता, फायर ब्रिगेड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। इसके बाद सुरक्षा कारणों से अस्पताल में मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और स्टाफ को बाहर निकाल दिया गया, जिससे कुछ समय के लिए पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया। जांच के दौरान बम निरोधक दस्ते ने पाया कि संदिग्ध वस्तु में जिलेटिन की छड़ें और डिजिटल टाइमर जुड़े हुए थे। इसके बाद इस सामग्री को सुरक्षित रूप से हटाकर नियंत्रित तरीके से नष्ट कर दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एटीएस और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपित की पहचान शिवाजी राठौड़ के रूप में की गई। जांच में सामने आया कि आरोपित पुणे से फरार होकर नागपुर की ओर भाग रहा था। इसके बाद एटीएस ने नागपुर रेलवे जंक्शन पर जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल एटीएस यह जांच कर रही है कि इस साजिश में और कौन लोग शामिल हैं और क्या आरोपित के किसी आतंकी संगठन या बाहरी नेटवर्क से संबंध हैं।







