Breaking News

दुनिया के नंबर-2 टेनिस खिलाड़ी स्पेन के कार्लोस अल्कराज ने आगामी विंबलडन 2026 से हटने का फैसला किया है।


खेल 20 May 2026
post

दुनिया के नंबर-2 टेनिस खिलाड़ी स्पेन के कार्लोस अल्कराज ने आगामी विंबलडन 2026 से हटने का फैसला किया है।

नई दिल्ली, 20 मई । दुनिया के नंबर-2 टेनिस खिलाड़ी स्पेन के कार्लोस अल्कराज ने आगामी विंबलडन 2026 से हटने का फैसला किया है। अल्कराज ने बताया कि वह कलाई की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं, जिसके कारण वह घास के कोर्ट सीजन में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।

अल्कराज ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मेरी रिकवरी अच्छी चल रही है और मैं पहले से बेहतर महसूस कर रहा हूं, लेकिन दुर्भाग्य से मैं अभी खेलने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हूं। इसी वजह से मुझे क्वींस और विंबलडन से हटना पड़ रहा है। ये दोनों टूर्नामेंट मेरे लिए बेहद खास हैं और मैं इन्हें बहुत मिस करूंगा। हम जल्द वापसी के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं।”

23 वर्षीय अल्कराज इससे पहले फ्रेंच ओपन 2026 से भी हट चुके हैं, जहां वह गत चैंपियन थे। उन्हें पिछले महीने बार्सिलोना ओपन के पहले दौर के मुकाबले के दौरान कलाई में चोट लगी थी। उन्होंने उस मैच में ओटो विर्टानेन को हराया था, लेकिन बाद में टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया।

अल्कराज ने इसी साल जनवरी में ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतकर करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले सबसे युवा पुरुष खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया था। इस सीजन में उनका रिकॉर्ड 22-3 का रहा है और उन्होंने दोहा में भी खिताब अपने नाम किया।

मोंटे कार्लो मास्टर्स फाइनल में यानिक सिनर से हारने के बाद अल्कराज ने विश्व नंबर-1 की रैंकिंग भी गंवा दी थी।

You might also like!


RAIPUR WEATHER