Breaking News

भारतीय खेल प्राधिकरण के सहयोग से जिमनास्ट प्रणति नायक की राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेल 2026 की तैयारी को मिल रही मजबूती


खेल 29 May 2026
post

भारतीय खेल प्राधिकरण के सहयोग से जिमनास्ट प्रणति नायक की राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेल 2026 की तैयारी को मिल रही मजबूती

नई दिल्ली, 29 मई । भारतीय जिमनास्ट प्रणति नायक की राष्ट्रमंडल खेल 2026 और एशियाई खेल 2026 की तैयारियों को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण और लक्ष्य ओलंपिक पोडियम योजना से लगातार मजबूत सहयोग मिल रहा है। सरकार की ओर से उन्हें और भारतीय जिमनास्टिक टीम को अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर, विदेशी प्रशिक्षण, राष्ट्रीय कोचिंग शिविर और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी प्रणति नायक इस समय भुवनेश्वर स्थित हाई परफॉर्मेंस सेंटर में 22 मई से 20 जून 2026 तक आयोजित सीनियर और जूनियर महिला आर्टिस्टिक जिमनास्टिक राष्ट्रीय कोचिंग शिविर का हिस्सा हैं। यह शिविर 25 से 28 जून 2026 तक चीन के जुनयी में होने वाली 13वीं सीनियर एशियाई चैंपियनशिप की तैयारी के लिए आयोजित किया जा रहा है। प्रणति इस प्रतियोगिता में भारतीय सीनियर महिला आर्टिस्टिक जिमनास्टिक टीम का हिस्सा होंगी।

भुवनेश्वर शिविर के लिए कुल 23.52 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसमें सीनियर और जूनियर जिमनास्ट, कोच और सपोर्ट स्टाफ सहित कुल 21 सदस्य शामिल हैं।

अगले महीने चीन में होने वाली महाद्वीपीय चैंपियनशिप के लिए सरकार ने भारतीय सीनियर और जूनियर महिला आर्टिस्टिक जिमनास्टिक दल की भागीदारी हेतु 36.59 लाख रुपये की वित्तीय सहायता को मंजूरी दी है। इस दल में खिलाड़ी, कोच और सपोर्ट स्टाफ सहित कुल 17 सदस्य शामिल हैं।

प्रणति नायक को लक्ष्य ओलंपिक पोडियम योजना के तहत व्यक्तिगत स्तर पर भी महत्वपूर्ण सहायता मिली है। उज्बेकिस्तान के ताशकंद में 19 से 25 मई 2026 तक आयोजित एफआईजी आर्टिस्टिक जिमनास्टिक वर्ल्ड चैलेंज कप में भागीदारी के लिए प्रणति, उनके कोच अशोक कुमार मिश्रा और फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. स्वेता अटिली के लिए 5.89 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की गई थी। इस प्रतियोगिता में प्रणति ने रजत पदक जीता।

ओलंपिक और एशियाई खेल चक्र को ध्यान में रखते हुए भारतीय जिमनास्टिक कार्यक्रम को मजबूत करने के उद्देश्य से लक्ष्य ओलंपिक पोडियम योजना के तहत नवंबर 2025 से दिसंबर 2025 तक यूनाइटेड किंगडम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर और फरवरी तथा अप्रैल 2026 में आयोजित दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए 75.65 लाख रुपये की सहायता भी मंजूर की गई थी। इस कार्यक्रम में प्रणति नायक सहित 16 सदस्यीय भारतीय जिमनास्टिक दल शामिल था। हालांकि चोट के कारण प्रणति इस शिविर का हिस्सा नहीं बन सकीं।

इससे पहले भारतीय खेल प्राधिकरण ने फरवरी 2026 में राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेल 2026 की तैयारियों के तहत भुवनेश्वर हाई परफॉर्मेंस सेंटर में 11 फरवरी से 15 मार्च 2026 तक सीनियर राष्ट्रीय जिमनास्टिक कोचिंग शिविर को भी मंजूरी दी थी। इस शिविर में सीनियर पुरुष और महिला जिमनास्ट सहित कुल 27 प्रतिभागी शामिल हुए थे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER