नई दिल्ली, 09 जून । केंद्र सरकार ने मंगलवार को अपनी नवरत्न कंपनी एनएलसी इंडिया लिमिटेड में 'ऑफर फॉर सेल' (ओएफएस) के जरिए तीन फीसदी हिस्सेदारी बेचने की प्रक्रिया की शुरुआत कर दी है। इसके लिए प्रति शेयर 303 रुपये का फ्लोर प्राइस तय किया गया है।
कंपनी के मुताबिक ये बिक्री पेशकश (ओएफएस) गैर-खुदरा निवेशकों के लिए आज खुल रही है, जबकि खुदरा निवेशकों के लिए यह बुधवार को उपलब्ध होगी। एनएलसी इंडिया के शेयर की बिक्री 303 रुपये प्रति शेयर के भाव पर की जाएगी। यह सोमवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर 335.65 रुपये प्रति शेयर के बंद भाव से 9.73 फीसदी कम है।
निवेश और लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) के सचिव अरुणीश चावला ने ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट पर लिखा कि भारत सरकार एनएलसी इंडिया लिमिटिड में बिक्री पेशकश के माध्यम से मूल रूप से दो फीसदी हिस्सेदारी बेचने की घोषणा करती है।
दीपम सचिव ने बताया कि अधिक बोली आने की स्थिति में एक फीसदी ‘ग्रीन शू’ विकल्प यानी अपने पास रखने का भी विकल्प रखा है। चावला ने कहा कि मजबूत परिचालन और वित्तीय प्रदर्शन, लगातार रिटर्न और आकर्षक लाभांश के साथ, एनएलसी दीर्घकालिक निवेश का एक आकर्षक अवसर प्रदान करती है।
केंद्र सरकार ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में अल्पांश हिस्सेदारी बेचकर 12,166 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इनमें कोल इंडिया से 5,542 करोड़ रुपये, एनएचपीसी से 4,357 करोड़ रुपये और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से 2.27 करोड़ रुपये शामिल हैं।







