Breaking News

एफआईएच महिला हॉकी नेशंस कप 2026: भारत ने जापान को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह


खेल 16 June 2026
post

एफआईएच महिला हॉकी नेशंस कप 2026: भारत ने जापान को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

ऑकलैंड, 16 जून। भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच महिला हॉकी नेशंस कप 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पूल-ए के अपने दूसरे मुकाबले में मंगलवार को जापान को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर लिया। लगातार दूसरी जीत के साथ भारत अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया।

नॉर्थ हार्बर नेशनल हॉकी सेंटर में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम की कप्तान सलीमा टेटे और लालरेमसियामी ने गोल दागे, जबकि जापान के लिए एकमात्र गोल एई हिरामित्सु ने किया। यह मुकाबला भारतीय मिडफील्डर ज्योति के लिए भी खास रहा, जिन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का 100वां मुकाबला खेला। पहले दो क्वार्टर में दोनों टीमों ने कई मौके बनाए लेकिन कोई भी गोल करने में सफल नहीं हो सकी और मध्यांतर तक मुकाबला गोलरहित रहा।

तीसरे क्वार्टर में भारत ने बढ़त बनाई। 33वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार रणनीति के तहत नवनीत कौर के शॉट को निक्की प्रधान ने सही दिशा दी और कप्तान सलीमा टेटे ने गेंद को गोल में पहुंचाकर भारत को 1-0 से आगे कर दिया।

हालांकि जापान ने तुरंत जवाब दिया और 35वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर हिरामित्सु ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। निर्णायक चौथे क्वार्टर में भारत को जीत दिलाने वाला गोल 49वें मिनट में आया। सुशीला चानू पुखरामबम ने सर्कल के किनारे से सटीक पास दिया, जिस पर लालरेमसियामी ने शानदार डिफ्लेक्शन के जरिए गेंद को गोल में पहुंचा दिया।

इस जीत के साथ भारत ने अमेरिका और जापान पर जीत दर्ज कर छह अंक हासिल किए और सेमीफाइनल में प्रवेश सुनिश्चित कर लिया। अब भारतीय टीम अपना अंतिम पूल मुकाबला 18 जून को उरुग्वे के खिलाफ खेलेगी, जबकि जापान और अमेरिका दूसरे सेमीफाइनल स्थान के लिए भिड़ेंगे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER