फिल्म 'कॉकटेल-2' को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही लेस्बियन कहानी और गैर-पारंपरिक रिश्तों वाली अफवाहों पर आखिरकार कृति सैनन और रश्मिका मंदाना ने विराम लगा दिया है। फिल्म के प्रचार के दौरान कृति ने साफ कहा कि फिल्म में ऐसा कोई ट्रैक नहीं है। उन्होंने कहा, "इसमें कोई लेस्बियन कहानी नहीं है। यहां तीन सीधे किरदार हैं। यह एक भावनात्मक कहानी है, जिसमें रिश्तों और भावनाओं पर ज्यादा फोकस किया गया है।" वहीं रश्मिका ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके और कृति के बीच शानदार केमिस्ट्री जरूर देखने को मिलेगी, जो दर्शकों को पसंद आएगी।
फिल्म के निर्देशक होमी अडजानिया ने भी इन चर्चाओं को खारिज करते हुए बताया कि ऐसी अफवाहें सेट पर हुए एक मजाक से शुरू हुई थीं। उन्होंने कहा कि एक बातचीत के दौरान मजाक में कल्पना की गई थी कि अगर कहानी कृति और रश्मिका के इर्द-गिर्द हो और शाहिद कपूर तीसरे व्यक्ति की भूमिका में हों तो कैसा रहेगा। इसी बात को गलत तरीके से प्रचारित कर दिया गया। निर्देशक के अनुसार फिल्म की कहानी पूरी तरह भावनात्मक रिश्तों और मानवीय जुड़ाव पर आधारित है।
निर्माता दिनेश विजयन ने भी स्पष्ट किया कि 'कॉकटेल-2' में केवल दो प्रेम कहानियां दिखाई गई हैं, एक पुरानी और एक नई। उन्होंने कहा कि फिल्म में किसी तरह का विवादित या गैर-पारंपरिक रिलेशनशिप ट्रैक नहीं है। शाहिद कपूर, कृति सैनन और रश्मिका मंदाना अभिनीत यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसे लेकर दर्शकों के बीच उत्साह बना हुआ है।







