मुंबई, 18 जून। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राऊत ने पार्टी में फूट डालने वाले सांसदों पर निशाना साधते हुए "ऑपरेशन तुड़वा" शुरू करने की चेतावनी दी है। राऊत ने कहा है कि अब हमारी लड़ाई लोकसभा, कोर्ट और सड़कों पर लड़ी जाएगी।
राऊत के अनुसार सड़कों पर लड़ाई शुरू हो चुकी है और भविष्य में और तेज होगी। आप इसे ऑपरेशन टाइगर कह रहे हैं, लेकिन क्या कोई टाइगर ऐसे भी भाग जाते हैं? हम असली टाइगर हैं। अब हमारा ऑपरेशन तुड़वा शुरू होगा। उन्होंने कहा कि बालासाहेब ठाकरे के जन्म शताब्दी वर्ष में हुए इस खेल का जवाब भविष्य में मिलेगा। बागी सांसदों पर हमला बोलते हुए राऊत ने कहा कि उन्होंने हमारी पार्टी के चुनाव चिह्न, पार्टी की ताकत और संसाधनों का इस्तेमाल करके चुनाव जीता है। इसलिए उन्हें नैतिक आधार पर अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए और फिर से चुनाव लड़ना चाहिए। अगर वह चुने जाते हैं, तो हम उन्हें देशद्रोही नहीं कहेंगे।
भाजपा नेता व गिरीश महाजन की आलोचना करते हुए राऊत ने कहा कि ईडी, सीबीआई और पुलिस सिस्टम का गलत इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने दावा किया कि टूटने वाले सांसदों को बड़ी मात्रा में पैसे का लालच दिया गया है।







