मुंबई, 20 जून । सेंट्रल रेलवे ने दिवा स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज के काम के लिए 23 जून की मध्यरात्रि से विशेष ट्रैफिक और पावर ब्लॉक करने का फैसला किया है। दिवा स्टेशन के दक्षिणी छोर पर नए फुट ओवर ब्रिज के लिए गर्डर लॉन्चिंग का काम किया जाएगा। इससे कई मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट में बदलाव किया जाएगा.
सेंट्रल रेलवे के अनुसार यह ब्लॉक बुनियादी ढांचे के विकास और यात्री सुरक्षा के लिए आवश्यक है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। यह ब्लॉक 23 जून की मध्यरात्रि विशेष ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक रात 12.10 बजे से सुबह 4.10 बजे तक ठाणे-डोंबिवली अप फास्ट लाइन, पांचवीं-छठी लाइन और दिवा-पनवेल-रोहा सेक्शन में लागू रहेगा। गर्डरों की लॉन्चिंग 300 मीट्रिक टन क्षमता वाली रोड क्रेन की सहायता से की जाएगी। ब्लॉक के कारण 23 जून को सुबह 3.43 बजे अंबरनाथ से चलने वाली अंबरनाथ-सीएसएमटी लोकल और सुबह 5.16 बजे सीएसएमटी से चलने वाली सीएसएमटी-अंबरनाथ लोकल रद्द रहेंगी। वहीं ब्लॉक अवधि के दौरान कल्याण-ठाणे खंड पर कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को अप स्लो लाइन और डाउन फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा दादर-सावंतवाड़ी रोड एक्सप्रेस को 23 जून को निर्धारित समय रात 12.05 बजे के बजाय सुबह 4 बजे रवाना किया जाएगा।
एलटीटी-पाटलिपुत्र सुपरफास्ट, एलटीटी-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस, एलटीटी-गोरखपुर कुशीनगर सुपरफास्ट सहित कई ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी बदलाव किया गया है। वहीं बलिया-दादर स्पेशल, जननेश्वरी एक्सप्रेस, कोणार्क एक्सप्रेस, हुसैन सागर एक्सप्रेस समेत कई अप दिशा की ट्रेनों को भी डायवर्ट किया जाएगा।







