Breaking News

ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं।


व्यापार 22 June 2026
post

ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं।

नई दिल्ली, 22 जून । ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान बढ़त के साथ बंद हुए थे। हालांकि, डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एशियाई बाजार में भी आज मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है।

अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता में प्रोग्रेस होने की खबर की वजह से अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान खरीदारी का माहौल बना रहा। एस एंड पी 500 इंडेक्स 80.48 अंक यानी 1.08 प्रतिशत की मजबूती के साथ 7,500.58 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 496.28 अंक यानी 1.91 प्रतिशत कि छलांग लगा कर 26,517.93 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 110 अंक यानी 0.21 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 51,454.70 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.41 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 10,356.88 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.42 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,432.80 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके विपरीत डीएएक्स इंडेक्स 0.12 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 25,057.30 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में भी आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है। एशिया के नौ बाजार में से छह के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि तीन सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स आज बड़ी गिरावट का शिकार हो गया है। फिलहाल यह सूचकांक 109.30 अंक यानी 1.77 प्रतिशत टूट कर 6,067.84 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 208.81 अंक यानी 0.87 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,716 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.13 प्रतिशत फिसल कर 5,185.98 अंक के स्तर पर आ गया है।

दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 0.35 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,132 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.33 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,577.63 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। ताइवान वेटेड इंडेक्स ने आज बड़ी छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 1,357.34 अंक यानी 2.92 प्रतिशत उछल कर 47,822.54 अंक के स्तर पर आ गया है।

इसी तरह निक्केई इंडेक्स भी आज जबरदस्त तेजी दिखा रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 1,532.94 अंक यानी 2.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72,783 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा कोस्पी इंडेक्स 88.98 अंक यानी 0.98 प्रतिशत की मजबूती के साथ 9,141.40 अंक के स्तर पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.18 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,098.01 अंक के स्तर पर कारोबार करते हुए नजर आ रहे हैं।

You might also like!


RAIPUR WEATHER