शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना अभिनीत रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'कॉकटेल 2' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के पहले ही वीकेंड में फिल्म ने दर्शकों का भरपूर प्यार हासिल करते हुए घरेलू और वैश्विक बाजार में दमदार कमाई दर्ज की है। लव ट्रायएंगल पर आधारित इस फिल्म को युवा दर्शकों के बीच अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है, जिसका असर इसके बॉक्स ऑफिस आंकड़ों में भी साफ दिखाई दे रहा है।
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के तीसरे दिन रविवार को 17.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इससे पहले दूसरे दिन 16.25 करोड़ रुपये और पहले दिन 13.50 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी। इसके साथ ही फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन 47.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, दुनियाभर में फिल्म ने 76.25 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ 'कॉकटेल 2' ने शाहिद कपूर की पिछली फिल्म 'ओ रोमियो' का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है, जिसने अपने शुरुआती तीन दिनों में 30.15 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
दूसरी ओर, दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' भी दूसरे सप्ताह में अच्छी पकड़ बनाए हुए है। फिल्म ने 10वें दिन 5.75 करोड़ रुपये की कमाई की, जिसके बाद इसका कुल कलेक्शन 24.25 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं राम चरण अभिनीत 'पेड्डी' की रफ्तार अब कुछ धीमी पड़ती नजर आ रही है। फिल्म ने 18वें दिन 2.82 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिससे इसका घरेलू कलेक्शन 234.27 करोड़ रुपये और वैश्विक कलेक्शन 330.11 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। बावजूद इसके, 'पेड्डी' अब भी साल की सफल फिल्मों में शुमार बनी हुई है।







