मुंबई, 01 जुलाई। शिवसेना शिंदे समूह के विधायक सचिन मोहन अहीर को बुधवार को एकमत से महाराष्ट्र विधान परिषद् का उप सभापति घोषित किया गया है। यह घोषणा विधान परिषद् के सभापति प्रो. राम शिंदे ने की। इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, संसदीय कार्य मंत्री चंद्रकांत पाटिल सहित तमाम मंत्री, विधायक और अधिकारी उपस्थित थे।
महाराष्ट्र विधान परिषद् के उपसभापति पद के लिए भाजपा गठबंधन की ओर से शिंदे समूह के विधायक सचिन मोहन अहीर ने मंगलवार को नामांकन किया था। इसके बाद बुधवार सुबह महाविकास आघाड़ी की ओर से जे.एम. अभ्यंकर ने इस पद के लिए नामांकन दाखिल किया।
आज दोपहर विधान परिषद में चुनाव के दौरान सभापति राम शिंदे ने महाविकास आघाड़ी के नेताओं को विपक्ष की ओर से दाखिल नामांकन वापस लेने की अपील की, जिसे महाविकास आघाड़ी के विपक्षी नेताओं ने मान्य कर लिया। इसके बाद संसदीय कार्यमंत्री चंद्रकांत पाटिल ने सचिन मोहन अहीर का नामांकन का प्रस्ताव सभागृह में पेश किया। इस प्रस्ताव को सभी सदस्यों ने एकमत से मंजूरी दी।
सभापति राम शिंदे ने सचिन मोहन अहीर का चुनाव एकमत से किए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें बधाई दी।







