नई दिल्ली, 03 जुलाई । पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने फीफा विश्व कप 2026 में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली।
क्रोएशिया के खिलाफ राउंड ऑफ 32 मुकाबले में मैदान पर उतरते ही रोनाल्डो विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में शुरुआत करने वाले सबसे उम्रदराज़ आउटफील्ड खिलाड़ी बन गए।
41 वर्ष, 4 महीने और 27 दिन की उम्र में रोनाल्डो ने बोस्निया एवं हर्जेगोविना के एडिन जेको का रिकॉर्ड तोड़ा। जेको ने अमेरिका के खिलाफ अंतिम-32 मुकाबले में 40 वर्ष, 106 दिन की उम्र में खेला था।
रोनाल्डो विश्व फुटबॉल इतिहास के उन तीन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने छह फीफा विश्व कप खेले हैं। अपने शानदार करियर में वह पुर्तगाल को एक यूरोपीय चैम्पियनशिप और दो यूईएफए नेशंस लीग खिताब भी जिता चुके हैं।
41 वर्षीय रोनाल्डो लगातार रिकॉर्ड अपने नाम करते हुए विश्व फुटबॉल में अपनी अमिट छाप छोड़ रहे हैं। अब उनकी नजर पुर्तगाल को विश्व कप 2026 में आगे बढ़ाने और अपने करियर का सबसे बड़ा खिताब जीतने पर होगी।







