Breaking News

हाईकोर्ट ने प्रताड़ित बुजुर्ग मां के हक में सुनाया फैसला, बेटे-बहु काे घर से बेदखली पर लगाई मुहर

post

हाईकोर्ट ने प्रताड़ित बुजुर्ग मां के हक में सुनाया फैसला, बेटे-बहु काे घर से बेदखली पर लगाई मुहर

रायपुर/बिलासपुर, 04 जुलाई । हाईकोर्ट ने एक प्रताड़ित बुजुर्ग मां के हक में अहम फैसला सुनाते हुए उसके बेटे और बहू की घर से बेदखली पर मुहर लगा दी है।

शनिवार काे जारी विज्ञप्ति के अनुसार हाई कोर्ट के जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकल पीठ ने स्पष्ट किया है कि यदि बच्चे अपने बुजुर्ग माता-पिता को मानसिक या शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते हैं, तो उन्हें घर से बेदखल किया जा सकता है। कोर्ट ने बेटे और बहू की याचिका खारिज करते हुए मेंटेनेंस ट्रिब्यूनल और अपीलीय ट्रिब्यूनल के बेदखली के आदेश को सही ठहराया है।

उल्लेखनीय है कि बिलासपुर मिनोचा कालोनी निवासी 93 वर्षीय बुजुर्ग महिला संतोष खन्ना ने मेंटेनेंस ट्रिब्यूनल में एक आवेदन पेश किया था। बुजुर्ग महिला का आरोप था कि उसके मकान के पहले मंज़िल पर रहने वाले बड़े बेटे देवेन्द्र खन्ना और बहू नीरजा खन्ना उन्हें लगातार प्रताड़ित और परेशान कर रहे हैं । बुजुर्ग महिला ने अपने जीवन खत्म करने की आशंका के साथ बेटे-बहू को घर से बेदखल करने की गुहार लगाई थी।

बुजुर्ग महिला के द्वारा पेश आवेदन पर जांच परख के बाद मेंटेनेंस ट्रिब्यूनल ने 12 सितंबर 2024 को बेटा-बहू को घर खाली करने का आदेश दिया था। इसके खिलाफ बेटे-बहू ने अपीलीय ट्रिब्यूनल के समक्ष भी अपील की, वहां भी उन्हें राहत नहीं मिली। अंत में ट्रिब्यूनल के आदेश को चुनौती देते हुए बेटे-बहू ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया और हाईकोर्ट ने भी मेंटेनेंस ट्रिब्यूनल और अपीलीय ट्रिब्यूनल के आदेश को सही ठहराया है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER