अशोक नगर, 17 जुलाई । केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक सेवाएं मिलेंगी। इससे यात्रियों को उच्च गुणवत्ता की सेवाएं प्राप्त होंगी और रेलवे यात्रा अधिक सुगम बनेगी।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित मध्य प्रदेश के अशोक नगर रेलवे स्टेशन के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया, जिनमें अशोकनगर रेलवे स्टेशन भी शामिल रहा।
अशोक नगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अशोक नगर रेलवे स्टेशन का नया स्वरूप जिले के विकास और क्षेत्र की प्रगति का प्रतीक है। पुनर्विकसित स्टेशन पर आधुनिक यात्री प्रतीक्षालय, आकर्षक भवन, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, डिजिटल सूचना प्रणाली सहित कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
समारोह के दौरान प्रधानमंत्री के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने अशोक नगर रेलवे स्टेशन के नए स्वरूप का स्वागत करते हुए इसे जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी, नगरपालिका अध्यक्ष नीरज मनोरिया, पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी, कलेक्टर साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी, बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
ग्राम सेमरी शाहबाद में स्कूल के जीर्णोद्धार कार्यों का लोकार्पण
इससे पहले केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को अशोकनगर जिले के ग्राम सेमरी शाहवाद में नवीन ग्राम चौपाल एवं शासकीय माध्यमिक विद्यालय के 23.58 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया गया। उन्होंने विद्यालय में स्थापित 01.5 लाख रुपये की लागत वाले आधुनिक डिजीटल बोर्ड तथा 05 किलोवाट क्षमता वाले सौर ऊर्जा संयंत्र का भी शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर सिंधिया ने कहा कि यह कार्यक्रम सामान्य कार्यक्रम नहीं है, यह हमें 100 पूर्व की याद दिलाता है। नवीन ग्राम चौपाल का उद्घाटन करते हुए पूर्वजों की याद दिलाता है। पहले गांव में ग्राम चौपाल हुआ करती थी, जिसमें गांव के बुजूर्ग, महिला एवं नौजवान तथा मंडली एक साथ एकत्रित होते थे। उनमें कोई दुर्व्यहार नहीं होता था। वही दृश्य इस चौपाल के उद्घाटन कार्यक्रम में देखने को मिला। जिसमें भजन मंडली द्वारा भजन कीर्तन कर स्वागत किया गया।
उन्होंने माध्यमिक शाला के उन्नयन कार्य की सराहना करते हुए अत्यानुधिक सुविधाओं को इस परिसर में निर्मित कर जीर्णोद्वारा किया गया है। एक-एक कक्ष बच्चों की पढ़ाई की सुविधा के हिसाब से तैयार कराया गया है। सौर ऊर्जा के माध्यम से स्वंय की बिजली के माध्यम से स्कूल जगमगायेगा। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीव्ही कैमरे भी लगाये गये है। मैं सभी विद्यार्थियों से बेहतर पढ़ाई के लिए आव्हान करता हॅू। साथ ही ग्राम के सरंपच,सचिव एवं स्कूल प्रबंधन की इस पहल का सम्मान करता हूं।







