Breaking News

ट्रंप ने की मेसी, रोनाल्डो और केन की तारीफ, बोले- महान खिलाड़ी कुछ अलग लेकर पैदा होते हैं


खेल 18 July 2026
post

ट्रंप ने की मेसी, रोनाल्डो और केन की तारीफ, बोले- महान खिलाड़ी कुछ अलग लेकर पैदा होते हैं

न्यूयॉर्क, 18 जुलाई । फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल से पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी, पुर्तगाल के दिग्गज क्रिस्टियानो रोनाल्डो और इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि महान खिलाड़ी कुछ ऐसी विशेष प्रतिभा के साथ पैदा होते हैं, जो उन्हें दूसरों से अलग बनाती है।

रविवार (स्थानीय समयानुसार) को स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होने वाले विश्व कप फाइनल से पहले न्यूयॉर्क में शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में ट्रंप ने कहा,"आज रात हम सभी न्यूयॉर्क में इकट्ठा हुए हैं, क्योंकि रविवार को स्पेन और अर्जेंटीना जैसी दो शानदार टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

मैंने सेमीफाइनल में मेसी का वह पास देखा। उन पर एक बेहतरीन खिलाड़ी की कड़ी निगरानी थी, फिर भी वह दाईं ओर बढ़े और उन्होंने जो पास दिया, वह लगभग पूरी तरह सटीक था। मैं कहूंगा कि वह केवल एक चौथाई इंच के अंतर से पूर्णता से चूका होगा। उसी ने मैच का रुख बदल दिया। वह वास्तव में शानदार था।"

उन्होंने आगे कहा, "महान खिलाड़ी बार-बार ऐसे ही कमाल करते हैं। वे कुछ अतिरिक्त प्रतिभा लेकर पैदा होते हैं। रोनाल्डो भी उन्हीं में से एक हैं। मैं वर्षों से उन्हें जानता हूं और वह बेहतरीन इंसान हैं।"

ट्रंप ने इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन की भी तारीफ करते हुए कहा, "इंग्लैंड के पास हैरी केन जैसा शानदार खिलाड़ी है। मैंने उनके साथ गोल्फ भी खेला है। वह शानदार खिलाड़ी हैं। मुझे लगता है कि इंग्लैंड ने उन्हें रक्षात्मक भूमिका देकर गलती की। टीम बढ़त में थी, लेकिन उसने अपने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को आगे की बजाय रक्षा में लगा दिया।"

गौरतलब है कि अर्जेंटीना के खिलाफ सेमीफाइनल में इंग्लैंड के मुख्य कोच थॉमस टुखेल ने बढ़त मिलने के बाद कई रक्षात्मक बदलाव किए थे। टीम ने पांच डिफेंडरों के साथ खेलना शुरू किया, जिसके बाद अर्जेंटीना ने लगातार दबाव बनाया और अंतिम क्षणों में दो गोल कर 2-1 से मुकाबला जीत लिया।

फाइनल में मेसी और यामाल पर रहेंगी निगाहें

विश्व कप फाइनल में गत चैंपियन अर्जेंटीना का सामना यूरोपीय चैंपियन स्पेन से होगा। यह मुकाबला अनुभवी लियोनेल मेसी और स्पेन के युवा स्टार लामिन यामाल के बीच दिलचस्प भिड़ंत के रूप में भी देखा जा रहा है।

स्पेन ने सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से मात देकर लगातार दूसरी बार विश्व कप फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल से पहले मेसी दो असिस्ट के साथ शानदार फॉर्म में हैं और गोल्डन बूट की दौड़ में भी शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं।

You might also like!


RAIPUR WEATHER