Breaking News

नेपाल में डॉक्टरों से दुर्व्यवहार के विरोध में देशव्यापी हड़ताल शुरू, अस्पतालों में आपात सेवाओं को छोड़कर सबकुछ ठप


विदेश 28 July 2026
post

नेपाल में डॉक्टरों से दुर्व्यवहार के विरोध में देशव्यापी हड़ताल शुरू, अस्पतालों में आपात सेवाओं को छोड़कर सबकुछ ठप

काठमांडू, 28 जुलाई । नेपाल के वीरगंज स्थित नारायणी अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों पर हुए हमले और जिला प्रशासन कार्यालय पर्सा में वार्ता के दौरान पुलिस द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के विरोध में नेपाल चिकित्सक संघ के आह्वान पर देशभर के अस्पतालों में आपातकालीन (इमरजेंसी) सेवाओं को छोड़कर बाकी सभी सेवाएं ठप हैं।

नेपाल चिकित्सक संघ ने की विज्ञप्ति के अनुसार, 25 जुलाई को नारायणी अस्पताल में कार्यरत डॉ. प्रमोद राम सहित अन्य डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों पर जानलेवा हमला हुआ था। अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की गई थी। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण डॉ. राम का इलाज चल रहा है।

यही नहीं जिला प्रशासन कार्यालय, पर्सा में हो रही वार्ता के दौरान सीडीओ की मौजूदगी में पुलिस बल का प्रयोग कर संघ के केंद्रीय कार्यकारिणी समिति सदस्य और नारायणी शाखा के अध्यक्ष सहित अन्य डॉक्टरों के साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया गया।

संघ के अध्यक्ष डॉ. बद्री रिजाल और महासचिव डॉ. विश्वराज दवाड़ी ने कहा है, "इस आंदोलन के कारण मरीजों को होने वाली असुविधा के लिए क्षमा मांगते हुए हम यह भी स्पष्ट करना चाहते हैं कि इसकी पूरी जिम्मेदारी स्वयं नेपाल सरकार की है।"

You might also like!


RAIPUR WEATHER