Breaking News

भविष्य का सामूहिक संघर्ष है, नशामुक्ति अभियान- मुख्यमंत्री फडणवीस


शहर 30 July 2026
post

भविष्य का सामूहिक संघर्ष है, नशामुक्ति अभियान- मुख्यमंत्री फडणवीस

मुंबई, 30 जुलाई । मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को वर्ली डोम में 'ड्रग फ्री मुंबई' अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति की यह संघर्ष केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए लड़ा जाने वाला एक सामूहिक संग्राम है।

मुंबई के वर्ली डोम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री फडणवीस ने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापक जनभागीदारी के साथ 'ड्रग फ्री मुंबई', 'ड्रग फ्री महाराष्ट्र' और 'ड्रग फ्री भारत' का संकल्प लेकर यह अभियान शुरू कर रही है। भारत विज्ञान, तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलकर देश को कमजोर करने की साजिश की जा रही है। ड्रग्स इस छिपे हुए युद्ध का सबसे खतरनाक हथियार है। इसके खिलाफ पुलिस, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, शिक्षा विभाग, अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के सभी वर्गों को मिलकर काम करना होगा। ड्रग्स के खिलाफ सभी को मिलकर लड़ना होगा।

फडणवीस ने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों के आसपास नशे का कारोबार करने वाले गिरोहों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों और कॉलेजों के प्राचार्यों को 'ड्रग फ्री कैंपस' और 'ड्रग फ्री स्कूल' अभियान से जोड़ने के लिए पत्र भेजे जाएंगे। नशे के कारोबार की जानकारी देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उपयोगी सूचना देने वालों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। युवाओं के पुनर्वास और जागरूकता पर जोर दिया जाएगा।

You might also like!


RAIPUR WEATHER