Breaking News

यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइल टेक्नोलॉजी देने पर ट्रंप का इनकार


विदेश 01 August 2026
post

यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइल टेक्नोलॉजी देने पर ट्रंप का इनकार

वॉशिंगटन, 01 अगस्त । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका ने यूक्रेन को अत्याधुनिक पैट्रियट मिसाइल टेक्नोलॉजी देने या उसके निर्माण का लाइसेंस देने पर कोई अंतिम सहमति नहीं दी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की संवेदनशील सैन्य तकनीक का हस्तांतरण "शायद कभी नहीं होगा।"

तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू के मुताबिक मैरीलैंड स्थित कैंप डेविड में कैबिनेट बैठक के दौरान पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप से पूछा गया कि क्या यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की को पैट्रियट मिसाइल निर्माण का लाइसेंस मिलने से पहले कोई अतिरिक्त शर्तें पूरी करनी होंगी।

इस पर ट्रंप ने कहा, "ये हथियार बेहद उन्नत हैं। हमें इस बात को लेकर बहुत सावधान रहना होगा कि इन्हें कोई और न बनाए। हमने अभी तक इसकी मंजूरी नहीं दी है। इस पर बातचीत चल रही है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि ऐसी टेक्नोलॉजी दी जाएगी। मुझे नहीं लगता कि ऐसा कभी होगा।"

दरअसल, इस सप्ताह की शुरुआत में ज़ेलेंस्की ने वॉशिंगटन डीसी में ट्रंप से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद उन्होंने एक इंटरव्यू में दावा किया था कि ट्रंप यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइल सिस्टम के निर्माण का लाइसेंस देने पर सहमत हो गए हैं।

हालांकि, ट्रंप के ताजा बयान ने ज़ेलेंस्की के इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले प्रकाशित एक इंटरव्यू में भी ट्रंप ने कहा था कि वह यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइल निर्माण की अनुमति देने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं।

ट्रंप के इस बयान से संकेत मिलता है कि अमेरिका अभी भी अपनी उन्नत रक्षा तकनीक के हस्तांतरण को लेकर बेहद सतर्क है और इस मुद्दे पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER