Breaking News

विधायक ने की एमजीएम से डिमना लेक तक एलिवेटेड रोड बनाने की मांग


देश 02 August 2026
post

विधायक ने की एमजीएम से डिमना लेक तक एलिवेटेड रोड बनाने की मांग

 पूर्वी सिंहभूम, 02 अगस्त ।

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक के पहले किसी उपयुक्त स्थान तक एलिवेटेड रोड (ऊपरी पथ/फ्लाईओवर) निर्माण कराने की मांग उठाई है।

इस संबंध में उन्होंने पथ निर्माण विभाग के सचिव और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया है।

रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सरयू राय ने कहा कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक और पटमदा की ओर जाने वाली सड़क दलमा सेंक्चुरी क्षेत्र से होकर गुजरती है। वन क्षेत्र होने के कारण इस सड़क का चौड़ीकरण आसान नहीं है। ऐसे में भविष्य में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सड़क के ऊपर एलिवेटेड रोड का निर्माण सबसे उपयुक्त और व्यावहारिक विकल्प साबित होगा।

उन्होंने बताया कि डिमना चौक से एमजीएम मेडिकल कॉलेज तक फोरलेन सड़क निर्माण की योजना पहले ही स्वीकृत हो चुकी है। पथ निर्माण विभाग द्वारा इसका निर्माण कराया जाएगा। डीपीआर में आवश्यक संशोधन और टाटा स्टील से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलने के बाद इस परियोजना पर काम शुरू होगा।

लेकिन एमजीएम मेडिकल कॉलेज के आगे डिमना लेक और पटमदा की ओर जाने वाली सड़क संकरी होने के कारण यहां दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।

सरयू राय ने सुझाव दिया कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक के पहले तक एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाए, ताकि इस मार्ग पर यातायात सुरक्षित और बाधारहित हो सके। उन्होंने कहा कि डिमना लेक पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण केंद्र बन चुका है और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।

ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 की तर्ज पर इस मार्ग पर भी ऊपरी पथ का निर्माण समय की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव को लेकर पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों से भी उनकी चर्चा हुई है। अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि परियोजना के क्रियान्वयन में कोई बड़ी तकनीकी बाधा नहीं है तथा वन विभाग से अनुमति मिलने में भी विशेष कठिनाई नहीं होगी।

सरयू राय ने कहा कि एलिवेटेड रोड बनने से पटमदा, बोड़ाम और कटिंग क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही जमशेदपुर से पुरुलिया जाने वाले यात्रियों का सफर भी अधिक सुरक्षित, सुगम और तेज होगा।

You might also like!


RAIPUR WEATHER