देवरिया, 05 अगस्त । उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले जिले के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
30 जुलाई से 2 अगस्त तक लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में देवरिया स्पोर्ट्स स्टेडियम के प्रशिक्षक गिरीश सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में आरव जायसवाल और आयुषी कुशवाहा ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्तर प्रदेश की राष्ट्रीय ताइक्वांडो टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया। वहीं सत्यम मिश्रा, आरोही गुप्ता और रिद्धिमा जायसवाल ने रजत पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। हर्ष यादव और अदिति निषाद ने कांस्य पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, ताइक्वांडो प्रशिक्षक गिरीश सिंह, जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष संजय कनोडिया, अभिषेक कुमार, अशोक कुमार सिंह, आशीष सिन्हा, देवरिया ओलंपिक संघ के महासचिव अजय जायसवाल, अध्यक्ष संजय केडिया सहित खेल विभाग और ताइक्वांडो संघ के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।







