सना/रियाद, 05 अगस्त । यमन के हूती विद्रोही समूह ने दावा किया है कि उसने उत्तरी लाल सागर में यानबू तट के पास सऊदी अरब के तेल टैंकर 'वफ़ा' पर कई बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है।
तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू
के अनुसार समूह के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि मिसाइलों ने टैंकर को सटीक रूप से निशाना बनाया। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
हूतियों के अनुसार, यह हमला उनकी नाकेबंदी के जवाब में नाकेबंदी रणनीति का हिस्सा है। समूह का कहना है कि 22 जुलाई से शुरू किए गए अभियान के तहत अब तक आठ सऊदी तेल टैंकरों को निशाना बनाया जा चुका है।
याह्या सरी ने यह भी दावा किया कि इस अवधि में 29 सऊदी तेल टैंकरों को लाल सागर और अरब सागर से गुजरने से रोका गया या उन्हें अपना मार्ग बदलने के लिए मजबूर होना पड़ा। उनके मुताबिक, बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य में बढ़ते खतरे के कारण सऊदी अरब ने अपने टैंकरों का रास्ता बदलकर उन्हें उत्तरी लाल सागर की ओर भेजना शुरू किया।
हूती प्रवक्ता ने चेतावनी दी कि समूह उत्तरी लाल सागर में सऊदी तेल टैंकरों को निशाना बनाने की कार्रवाई आगे भी न केवल जारी रखेगा बल्कि इसे और तेज़ करेगा।
फिलहाल, सऊदी अरब की ओर से इन दावों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। टैंकर पर हमले और उससे हुए संभावित नुकसान की स्वतंत्र पुष्टि भी अभी तक नहीं हुई है।







