Breaking News

पाकिस्तान के बलोचिस्तान के पंजगुर जिले में विद्रोहियों के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू, कई जगह धमाका, क्वेटा में पुलिसवालों के हथियार लूटे


विदेश 10 August 2026
post

पाकिस्तान के बलोचिस्तान के पंजगुर जिले में विद्रोहियों के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू, कई जगह धमाका, क्वेटा में पुलिसवालों के हथियार लूटे

इस्लामाबाद, 10 अगस्त । पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत के पंजगुर जिले के चिडगी इलाके में बलोच विद्रोहियों के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किया गया है। इस दौरान अलग-अलग जगहों पर मोर्टार शेल दागे जाने की भी खबरें हैं। उधर, क्वेटा में पुलिस अधिकारियों के हथियार लूटने की घटना के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सैन्य अभियान के दौरान पंजगुर जिले में कई जगह तेज धमाके हुए हैं।

द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट में स्थानीय सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि इस समय चिडगी और आसपास के इलाकों में पाकिस्तान की सेना का विद्रोहियों के खिलाफ अभियान चल रहा है। अभियान के दौरान अनेक स्थानों पर मोर्टार शेल दागे जाने से धमाके हुए हैं। सेना इस अभियान में ड्रोन का भी सहारा ले रही है।

एक अन्य रिपोर्ट में कहा गया है कि बलोचिस्तान के मध्य शहर और प्रांतीय राजधानी क्वेटा में 8 अगस्त की रात हथियारबंद लोगों ने कंबरानी रोड पर पुलिस ईगल स्क्वाड के लोगों को हिरासत में लेने के बाद उनके हथियार छीन लिए। इस दौरान गोलीबारी में एक पुलिस अधिकारी मामूली रूप से घायल हो गया। बताया गया है कि हथियारबंद लोगों ने अधिकारियों के हाथ बांध दिए और उनके सरकारी हथियार अपने साथ ले गए।

द बलोचिस्तान पोस्ट का दावा है कि क्वेटा में सुरक्षा खतरे का अलर्ट जारी होने के बाद से पूरे शहर में फ्रंटियर कॉर्प्स और पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस ने कहा कि क्वेटा को बलोच लिबरेशन आर्मी से खतरा बरकरार है। पुलिस के मुताबिक, मजीद ब्रिगेड के सुसाइड बॉम्बर्स समेत 4,000 बलोच लिबरेशन आर्मी के लड़ाके 14 अगस्त को क्वेटा शहर पर कब्जा कर सकते हैं। इस दौरान सरकारी इमारतों और सुरक्षा बलों को निशाना बनाया जा सकता है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER