Breaking News

खाना खाते ही टॉयलेट जाने की इच्छा क्यों होती है? जानें इसके पीछे की वजह

post

खाना खाते ही टॉयलेट जाने की इच्छा क्यों होती है? जानें इसके पीछे की वजह

हमारे शरीर में खाना खाने के बाद कई तरह की प्रक्रियाएं शुरू हो जाती हैं. खाना पेट में पहुंचता है, पेट उसे पचाने का काम शुरू करता है और आंतें भी अपना काम तेज कर देती हैं. यही वजह है कि कुछ लोगों को खाना खाने के कुछ ही समय बाद टॉयलेट जाने की जरूरत महसूस होने लगती है.  

खासकर सुबह नाश्ता करने के बाद ऐसा होना काफी आम है. कई लोग इसे देखकर सोचते हैं कि जो खाना अभी खाया है, वह तुरंत बाहर निकल रहा है. लेकिन ऐसा नहीं होता. हमारे शरीर को भोजन को पचाने और उसे मल में बदलने में कई घंटे लगते हैं.

क्यों होती है खाना खाते ही टॉयलेट जाने की इच्छा-

खाना खाने के बाद जल्दी टॉयलेट जाने की इच्छा होने के पीछे शरीर की एक सामान्य प्रक्रिया काम करती है. इसे डॉक्टर गैस्ट्रोकोलिक रिफ्लेक्स कहते हैं. दरअसल, जब भोजन पेट में पहुंचता है, तो शरीर को संकेत मिलता है कि पाचन की प्रक्रिया आगे बढ़ानी है. इसके जवाब में, बड़ी आंत की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.

बड़ी आंत में पहले से मौजूद मल आगे की तरफ खिसकने लगता है, और इसी वजह से व्यक्ति को शौच जाने की इच्छा महसूस होती है. इसलिए, भोजन के तुरंत बाद टॉयलेट जाना इस बात का संकेत नहीं है कि अभी खाया गया खाना शरीर से बाहर निकल रहा है. भोजन को पाचन तंत्र से गुजरने और मल बनने में काफी समय लगता है. 

वैज्ञानिक रिसर्च के अनुसार, गैस्ट्रोकोलिक रिफ्लेक्स हर व्यक्ति में एक जैसी ताकत से काम नहीं करता. कुछ लोगों में यह प्रतिक्रिया हल्की होती है, जबकि कुछ लोगों में भोजन के बाद आंतों की गतिविधि काफी बढ़ सकती है.

सुबह के समय यह प्रभाव ज्यादा महसूस होना भी आम बात है. इसका एक कारण यह है कि रातभर खाली रहने के बाद जब पेट में भोजन पहुंचता है, तो पाचन तंत्र की गतिविधि दोबारा तेज हो जाती है. इसी दौरान बड़ी आंत भी सक्रिय होती है और शौच की इच्छा पैदा हो सकती है.

You might also like!


RAIPUR WEATHER