Breaking News

सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति सुनील शुक्रे ने महाराष्ट्र लोकायुक्त के चेयरमैन पद की ली शपथ


शहर 25 August 2026
post

सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति सुनील शुक्रे ने महाराष्ट्र लोकायुक्त के चेयरमैन पद की ली शपथ

मुंबई, 25 अगस्त । बंबई उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति सुनील शुक्रे को मंगलवार को राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने लोक भवन, मुंबई में आयोजित संक्षिप्त समारोह में महाराष्ट्र के लोकायुक्त पद के अध्यक्ष पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

सेवानिवृत्त न्यायाधीश शुक्रे की नियुक्ति महाराष्ट्र लोकायुक्त अधिनियम, 2023 के तहत की गई है। उनका कार्यकाल पांच वर्ष या 70 वर्ष की आयु पूरी होने तक रहेगा, इनमें से जो भी पहले हो।

जस्टिस (सेवानिवृत्त) सुनील शुक्रे का जन्म 25 अक्टूबर 1961 को हुआ। उन्होंने 1980 में पुणे विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद अमरावती के डॉ. पंजाबराव देशमुख लॉ कॉलेज से एलएलबी और नागपुर विश्वविद्यालय से संवैधानिक कानून में एलएलएम किया।

उन्होंने न्यायिक सेवा में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वे कोल्हापुर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बंबई उच्च न्यायालय

की नागपुर पीठ में रजिस्ट्रार (प्रशासन), महाराष्ट्र न्यायिक अकादमी, उत्तन में संयुक्त निदेशक और नागपुर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रहे। मार्च 2011 में उन्होंने बॉम्बे हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल का पद संभाला और वर्ष 2013 में बंबई उच्च न्यायालय

के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत हुए। अक्टूबर 2023 में वे हाई कोर्ट से सेवानिवृत्त हुए। सेवानिवृत्ति के बाद महाराष्ट्र सरकार ने उन्हें महाराष्ट्र राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग (एमएसबीसीसी) का चेयरमैन नियुक्त किया था। अब उन्हें महाराष्ट्र लोकायुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

समारोह की शुरुआत वंदे मातरम्, राष्ट्रगान और राज्यगान से हुई। राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नारनवरे ने जस्टिस शुक्रे की नियुक्ति संबंधी अधिसूचना पढ़ी। समारोह का समापन वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

लोकभवन की जानकारी के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, विधायक भास्कर जाधव, निवर्तमान लोकायुक्त न्यायमूर्ति विद्यासागर कनाडे, गोवा लोकायुक्त न्यायमूर्ति संदीप शिंदे, राज्य के मुख्य सूचना आयुक्त राहुल पांडे, लोकायुक्त संस्था के सदस्य और मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER