वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज से शुरू होने वाले छह दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। अपने इस दौरे के दौरान वे शिकागो, एशविले और न्यूयॉर्क जाएंगी। शिकागो में वित्त मंत्री प्रमुख निवेशकों के साथ एक गोलमेज सम्मेलन में भाग लेंगी और निजी क्षेत्र के अग्रणी सीईओ, अध्यक्षों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगी। शिकागो में चुनिंदा कंपनियों के सीईओ और वरिष्ठ नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय व्यक्तिगत बैठकें भी आयोजित की जाएंगी।
इन चर्चाओं में भारत के निवेश अवसरों, आर्थिक दृष्टिकोण और भारत तथा संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच व्यापार और निवेश साझेदारी को मजबूत करने के क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। सुश्री सीतारमण शिकागो विश्वविद्यालय के पोल्स्की सेंटर फॉर एंटरप्रेन्योरशिप एंड इनोवेशन का भी दौरा करेंगी, जहां वे उद्यमिता, नवाचार, प्रौद्योगिकी के व्यावसायीकरण और भारत के तेजी से बढ़ते स्टार्टअप और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र के साथ संबंधों को मजबूत करने पर अपने विचार साझा करेंगी।
वित्त मंत्री अपनी यात्रा के दौरान शिकागो में भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी बातचीत करेंगी। एशविले में, सुश्री सीतारमण जी20 की अमेरिकी अध्यक्षता में आयोजित जी20 वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगी। 31 अगस्त और 1 सितंबर को होने वाली इस बैठक में जी20 सदस्य देशों के वित्त मंत्री, केंद्रीय बैंक गवर्नर और वरिष्ठ आर्थिक अधिकारी प्रमुख वैश्विक आर्थिक और वित्तीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के लिए एकत्रित होंगे। यह बैठक 29 और 30 अगस्त को होने वाली जी20 वित्त और केंद्रीय बैंक प्रतिनिधियों की बैठक के बाद आयोजित की जा रही है। यह बैठक भारत को समकालीन वैश्विक आर्थिक चुनौतियों पर अपने दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने और जी20 भागीदारों के साथ सहयोग को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करेगी।
न्यूयॉर्क में, सुश्री सीतारमण न्यूयॉर्क स्थित प्रमुख कंपनियों के सीईओ और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ एक निवेशक गोलमेज सम्मेलन में भाग लेंगी। वे वित्तीय क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों और सीईओ के साथ व्यक्तिगत बैठकें भी करेंगी, जिनमें निवेश के अवसरों, भारत के आर्थिक और वित्तीय परिदृश्य और भारत तथा संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच वित्तीय और संस्थागत संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी। न्यूयॉर्क यात्रा के दौरान, अग्रणी वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक बाज़ार और दुनिया के प्रमुख प्रौद्योगिकी-आधारित वित्तीय बाज़ार प्लेटफार्मों में से एक, नैस्डैक, सुश्री सीतारमण की बेल-रिंगिंग समारोह में मेजबानी करेगा। यह यात्रा अगले महीने की 2 तारीख को समाप्त होगी।
वित्त मंत्री 25 अगस्त से शुरू हुई कनाडा और अमेरिका की नौ दिवसीय यात्रा पर हैं। अपनी यात्रा के पहले चरण में, सुश्री सीतारमण ने भारत-कनाडा के आर्थिक संबंधों को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया। कनाडा में, उन्होंने टोरंटो में आयोजित पहले भारत-कनाडा आर्थिक और वित्तीय संवाद में भाग लिया और ऊर्जा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और महत्वपूर्ण खनिजों सहित विभिन्न क्षेत्रों के निवेशकों और व्यवसायों से मुलाकात की। चर्चाओं का मुख्य उद्देश्य आर्थिक और वित्तीय सहयोग को मजबूत करना और दोनों देशों के बीच निवेश और व्यापार के अधिक अवसर पैदा करना था।







