Breaking News

छत्तीसगढ़ के सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, रायगढ़ और कोरबा जैसे जिलों में भारी बारिश की अधिक संभावना

post

छत्तीसगढ़ के सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, रायगढ़ और कोरबा जैसे जिलों में भारी बारिश की अधिक संभावना

रायपुर, 29 अगस्त । छत्तीसगढ़ मौसम विभाग ने प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है। झारखंड और उसके आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र के सक्रिय होने के कारण राज्य में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ रहा है।

सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, रायगढ़ और कोरबा जैसे जिलों में भारी बारिश की अधिक संभावना है। राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने व स्थानीय स्तर पर भारी बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है।नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर और निचले इलाकों में जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने भी लोगों को अलर्ट रहने को कहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार 29 अगस्त से प्रदेश में बारिश की तीव्रता बढ़ेगी। अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने तथा एक-दो स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। इसके पीछे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 29 अगस्त के आसपास बनने वाला नया निम्न दबाव क्षेत्र अहम माना जा रहा है।मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून द्रोणिका अमृतसर, देहरादून, खेरी और इस निम्न दबाव क्षेत्र से होते हुए मधुपुर तथा बांकुरा के रास्ते उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक पहुंच रही है।

इसके अलावा उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के बीच बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव बनने से अगले कुछ दिनों के छत्तीसगढ़ में बारिश हो सकती है। नए मौसम तंत्र के प्रभाव से 30 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होगी।

शुक्रवार को प्रदेश के अनेक हिस्सों में बारिश हुई, जबकि बलरामपुर जिले में भारी वर्षा दर्ज की गई। कुसमी में 7 सेमी बारिश हुई, जो प्रदेश में सर्वाधिक रही। रामानुजगंज और भैसमा में 6-6 सेमी पानी गिरा। अंबिकापुर में भी 3 सेमी वर्षा दर्ज की गई।बलरामपुर के अलावा कुनकुरी, वाड्रफनगर, कोरबा और करतला में पिछले दिन 5-5 सेमी वर्षा दर्ज हुई। बलरामपुर, राजपुर, कांसाबेल, प्रतापपुर और पोड़ी उपरोड़ा में 4-4 सेमी पानी गिरा। दरी, लटोरी, छोटेडोंगर, भोपालपट्टनम, औंधी, पखांजूर, नया बाराद्वार और फरसगांव में 3-3 सेमी वर्षा हुई। प्रदेश के कई अन्य स्थानों पर 1 से 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान करीब 30 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER