Breaking News

महाराष्ट्र राज्य फिल्म पुरस्कार में रानी मुखर्जी हुईं सम्मानित


मनोरंजन 10 September 2026
post

महाराष्ट्र राज्य फिल्म पुरस्कार में रानी मुखर्जी हुईं सम्मानित

अभिनेत्री रानी मुखर्जी के लिए 62वां महाराष्ट्र राज्य फिल्म पुरस्कार समारोह बेहद भावुक पल लेकर आया। यहां प्रभादेवी स्थित रवींद्र नाट्य मंदिर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें प्रतिष्ठित राज कपूर विशेष योगदान पुरस्कार प्रदान किया। सम्मान हासिल करते समय रानी भावुक नजर आईं। मंच से उन्होंने मराठी में अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए महाराष्ट्र को अपनी जन्मभूमि के साथ-साथ कर्मभूमि भी बताया।

रानी ने कहा कि महाराष्ट्र उनके जीवन का सिर्फ एक हिस्सा नहीं, बल्कि उनकी पहचान से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने राज्य सरकार का आभार जताते हुए कहा कि अपने लोगों और अपनी मातृभूमि से मिलने वाला सम्मान उनके लिए बेहद खास है। मुंबई का जिक्र करते हुए अभिनेत्री ने कहा कि इस शहर ने उन्हें पहचान, दर्शक और करियर दिया। उन्होंने मुंबई को अपना घर और सुरक्षित ठिकाना बताते हुए कहा कि यहां से उनका रिश्ता हमेशा दिल के करीब रहेगा।

अभिनेत्री ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए किसी ट्रॉफी से कहीं बढ़कर है। जब भी वह इसे देखेंगी, उन्हें इसमें अपना मुंबई और महाराष्ट्र नजर आएगा। रानी ने अपने फिल्मी सफर को याद करते हुए कहा कि सिनेमा को उन्होंने कभी सिर्फ पेशा नहीं माना, बल्कि यह उनके लिए एक गहरी भावना और जीवन का अहम हिस्सा रहा है। महाराष्ट्र सरकार से मिला यह सम्मान उनके इसी लंबे सिनेमाई सफर की एक यादगार पहचान बन गया है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER