कोलकाता, 11 सितंबर । झारखंड के कारोबारी की हत्या की जांच के सिलसिले में झारखंड पुलिस ने कोलकाता पुलिस के ट्रैफिक सार्जेंट और सिविक वॉलंटियर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार पुलिस अधिकारी की पहचान अयन गुप्ता के रूप में हुई है। वह बेलेघाटा ट्रैफिक गार्ड में तैनात था। उसके साथ चावलपट्टी रोड निवासी ट्विंकल दास को भी गिरफ्तार किया गया है। ट्विंकल सिविक वॉलंटियर के तौर पर कार्यरत थी।
झारखंड पुलिस की टीम ने गुरुवार को दोनों को लालबाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय में तलब किया था। वहां लालबाजार के खुफिया विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में झारखंड पुलिस के अधिकारियों ने दोनों से देर शाम तक पूछताछ की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। शुक्रवार सुबह झारखंड पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी की जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गत 24 अगस्त को चांडिल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के किनारे एक होटल के सामने निखार सबलोक नामक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि कारोबारी की हत्या के लिए सुपारी दी गई थी। हमलावरों ने नौ राउंड गोलियां चलाई थीं। कारोबारी के कंधे, पीठ और गले में गोलियां लगी थीं। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें जमशेदपुर के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे कारोबारी प्रतिद्वंद्विता की आशंका जताई गई थी।
मामले की जांच के दौरान झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपितों में पेशेवर शूटर भी शामिल हैं। झारखंड पुलिस की जांच में पता चला कि गिरफ्तार किए गए संदिग्धों में से एक व्यक्ति का कोलकाता पुलिस के ट्रैफिक सार्जेंट अयन गुप्ता से संपर्क था। पुलिस के अनुसार, उक्त संदिग्ध हत्या में शामिल प्रमुख आरोपितों में से एक है। आगे की जांच में उसके महिला सिविक वॉलंटियर ट्विंकल दास के साथ भी संपर्क होने की जानकारी सामने आई।
मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए झारखंड पुलिस की एक टीम कोलकाता पहुंची और दोनों से लालबाजार में पूछताछ की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने कई सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं दिए। इसके बाद झारखंड पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने का निर्णय लिया।
दोनों की गिरफ्तारी के बाद कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। मामले की जांच झारखंड पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) कर रही है। जांचकर्ताओं को आशंका है कि कारोबारी की हत्या के लिए शूटर को करीब 15 लाख की सुपारी दी गई थी। पुलिस अब गिरफ्तार दोनों आरोपितों की भूमिका और हत्याकांड में उनके संपर्कों की विस्तृत जांच कर रही है।







