Breaking News

राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं


देश 17 September 2026
post

राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं

नई दिल्ली, 17 सितंबर । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। दोनों ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की विकास यात्रा और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में हो रही प्रगति का उल्लेख किया।

राष्ट्रपति मुर्मु ने साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जारी संदेश में प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा में गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनका योगदान शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सुशासन के नए मानक स्थापित किए हैं और समावेशी विकास को नई गति और दिशा दी है। राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक विकास के बीच सामंजस्य का भी उल्लेख किया।

वहीं, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके दृढ़ और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विश्व में एक उज्ज्वल केंद्र के रूप में उभर रहा है और प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज गति से बढ़ने वाले देशों में शामिल है।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि 25 करोड़ से अधिक भारतीय अत्यंत गरीबी से बाहर आए हैं। डिजिटल क्रांति ने लाखों लोगों को सशक्त किया है तथा अंतरिक्ष, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा, बुनियादी ढांचे और विनिर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

उन्होंने कहा कि पिछड़े जिलों को ‘आकांक्षी जिले’, सीमावर्ती गांवों को ‘जीवंत और प्रथम गांव’ तथा पूर्वोत्तर को ‘अष्टलक्ष्मी’ के रूप में संदर्भित करना प्रधानमंत्री के दूरदर्शी दृष्टिकोण को दर्शाता है। इससे भौगोलिक रूप से हाशिए पर रहे क्षेत्रों को सशक्त बनाने और देश की विकास यात्रा में विभिन्न क्षेत्रों के लोगों की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा मिला है।

राधाकृष्णन ने कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की अपनी यात्राओं में उन्होंने इन बदलावों को देश के दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचते हुए प्रत्यक्ष रूप से देखा। उन्होंने कहा कि देशभर में प्रगति, आकांक्षा और नए उत्साह की भावना सामूहिक विकास यात्रा में लोगों के विश्वास को दर्शाती है।

उपराष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और निरंतर शक्ति की कामना करते हुए कहा कि वे 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए मातृभूमि का नेतृत्व करते रहें।

You might also like!


RAIPUR WEATHER