Breaking News

गणेशपुर में बारिश का कहर, 20 से अधिक घरों में घुसा पानी, पांच कवेलू पोश मकान गिरे


छत्तीसगढ़ 26 September 2026
post

गणेशपुर में बारिश का कहर, 20 से अधिक घरों में घुसा पानी, पांच कवेलू पोश मकान गिरे

धमतरी, 26 सितंबर । धमतरी जिला अंतर्गत कुरुद ब्लाक के गणेशपुर क्षेत्र में लगातार दो दिनों से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। ग्राम गणेशपुर (गदहीडीह) में चारों ओर पानी भरने से पूरा क्षेत्र जलमग्न हो गया है। 20 से अधिक घरों में बारिश का पानी घुस गया, वहीं पांच कवेलू पोश मकान गिरने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई। कई परिवारों को पूरी रात जागकर गुजारनी पड़ी।

ग्रामीण घरों से पानी निकालने के साथ राशन और अन्य जरूरी सामान को सुरक्षित रखने में जुटे रहे। बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए पंचायत स्तर पर प्रभावित परिवारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्थापन शुरू किया गया है। हल्का पटवारी मनीषा नागरे एवं सरपंच गंगाप्रसाद के मार्गदर्शन में प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लिया गया। हल्का पटवारी ने सरपंच एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में बाढ़ प्रभावित परिवारों के घरों का मौके पर निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली।

ग्रामीण चूरामन ने बताया कि घर में पानी भर जाने से काफी परेशानी हो रही है। पानी निकालने में मशक्कत करनी पड़ रही है और घर में रखे राशन व अन्य सामान को सुरक्षित रखने का प्रयास किया जा रहा है। बारिश के कारण कई कवेलू पोश घरों में भी पानी भर गया है। स्थानीय नागरिक रुकेश नागरची ने बताया कि लगातार बारिश से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उनका कहना है कि अवैध निर्माण और निकासी नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी तेजी से घरों के भीतर पहुंच गया। प्रशासन एवं पंचायत द्वारा प्रभावित क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER