मुंबई, 30 सितंबर । ठाणे जिले के मनोरमा नगर इलाके में बीती रात शिवसेना (यूबीटी) के शाखा प्रमुख प्रदीप पुरनेकर (47) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पुरनेकर पर दो राउंड फायरिंग करने के बाद धारदार हथियार से भी हमला किया और मौके से फरार हो गए। कापुरबावड़ी पुलिस स्टेशन की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए बुधवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रदीप पुरनेकर बीती रात मनोरमा नगर इलाके में थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। दो गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद हमलावरों ने धारदार हथियार से भी उन पर हमला किया और फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल पुरनेकर को तत्काल नजदीकी इनफिनिटी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कापुरबावड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने पप्या शिंदे और आकाश निमसे को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर घटना में उनकी भूमिका का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में निखिल यादव, संतोष कनौजिया और एक अन्य व्यक्ति की भी तलाश की जा रही है। पुलिस सभी संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही हत्या के पीछे की वजह, घटना की पूर्व योजना और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।-----------







