Breaking News

गोवंडी में 2.53 करोड़ की साइकोट्रोपिक गोलियां जब्त, एक आरोपित गिरफ्तार


शहर 07 October 2026
post

गोवंडी में 2.53 करोड़ की साइकोट्रोपिक गोलियां जब्त, एक आरोपित गिरफ्तार

मुंबई, 07 अक्टूबर । मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-नारकोटिक्स सेल (एएनसी) ने गोवंडी इलाके में कार्रवाई करते हुए 9,800 साइकोट्रोपिक गोलियां जब्त की हैं। जब्त दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 2.53 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एएनसी की टीम अब दवाओं के स्रोत और इनके वितरण नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

मामले की जांच कर रहे अधिकारी के अनुसार, एएनसी की वर्ली यूनिट को गोवंडी के डॉ. जाकिर हुसैन नगर इलाके में प्रिस्क्रिप्शन दवाओं की अवैध बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने 6 अक्टूबर को संदिग्ध के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में साइकोट्रोपिक गोलियां बरामद हुईं, जिन्हें कथित तौर पर नशे के लिए 'बटन' नाम से बेचा जाता था।

पुलिस ने मौके से 4,500 नाइट्राजेपम गोलियां बरामद कीं। इनका कुल वजन 2.475 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 1.98 करोड़ रुपये है। इसके अलावा 5,300 अल्प्राजोलम गोलियां भी मिलीं, जिनका वजन 689 ग्राम और कीमत करीब 55.12 लाख रुपये आंकी गई है।

इस मामले में देवनार पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 8(सी) और 22(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपित पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन प्रतिबंधित दवाओं की आपूर्ति कहां से की जा रही थी तथा इनके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

You might also like!


RAIPUR WEATHER