Breaking News

मुंबई में 10 कथित फर्जी डॉक्टरों पर केस, 2.20 लाख की दवाएं व उपकरण जब्त


शहर 07 October 2026
post

मुंबई में 10 कथित फर्जी डॉक्टरों पर केस, 2.20 लाख की दवाएं व उपकरण जब्त

मुंबई, 07 अक्टूबर । मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बिना आवश्यक योग्यता और पंजीकरण के मेडिकल प्रैक्टिस करने के आरोप में 10 कथित फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ये सभी भांडुप, जोगेश्वरी, बोरीवली, दहिसर और मानखुर्द इलाकों में क्लिनिक चला रहे थे। मामले की जांच घाटकोपर क्राइम ब्रांच की यूनिट-7 कर रही है।

जांच कर रहे पुलिस अधिकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के दौरान इन क्लिनिकों से करीब 2.20 लाख रुपये की दवाएं और मेडिकल उपकरण जब्त किए गए। इनमें दवाओं की बोतलें, सिरिंज, एंटीबायोटिक टैबलेट और अन्य चिकित्सा सामग्री शामिल हैं। जांच के दौरान कुछ क्लिनिकों में एक्सपायर हो चुकी आयुर्वेदिक और यूनानी दवाओं की बिक्री किए जाने की बात भी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित बिना आवश्यक शैक्षणिक योग्यता और पंजीकरण के एलोपैथिक, आयुर्वेदिक और यूनानी दवाओं के जरिए मरीजों का इलाज कर रहे थे। वे यौन संचारित रोगों (एसटीडी) समेत विभिन्न बीमारियों के इलाज का दावा भी करते थे। आरोप है कि स्थानीय लोगों का भरोसा जीतने के लिए इन लोगों ने अपने क्लिनिकों के ऐसे नाम रखे थे, जिनसे धार्मिक या स्थानीय जुड़ाव का आभास होता था।

इस मामले में भांडुप पुलिस थाने में महाराष्ट्र मेडिकल प्रैक्टिशनर्स एक्ट, 1961 की धारा 33 और 36 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब आरोपितों की गतिविधियों, उनके पास मौजूद दवाओं और चिकित्सा सामग्री के स्रोत तथा मरीजों के इलाज से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपितों की पहचान शेख मोहम्मद अनवर मोहम्मद असलम, मोहम्मद नबी हुसैन मोहम्मद फरीद शेख, इमरान अब्दुल जब्बार खान, दयाशंकर हुबलाल सिंह, जुनैद हशमतुल्ला सिद्दीकी, शहाबुद्दीन निजामुद्दीन शेख, नावेद जाहेद खान, राशिद हुसैन बेग, राशिद हुसैन अफजल हुसैन शेख और निहाल अराफात हुसैन शेख के रूप में हुई है। मामले की गहन छानबीन जारी है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER