नई दिल्ली, 08 अक्टूबर । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान कमजोरी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। आज सपाट स्तर पर मिले-जुले कारोबार की शुरुआत हुई थी। बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक गिरते चले गए। बाजार में लगातार हो रही लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.53 प्रतिशत और निफ्टी 0.56 प्रतिशत टूट कर कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 29.30 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 72,668 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक शुरुआती मिनट में ही 72,693.97 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिससे इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ने लगी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण यह सूचकांक गिर कर 72,175.95 अंक के स्तर तक आ गया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 386.85 अंक यानी 0.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72,251.85 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज चार अंक यानी 0.02 प्रतिशत की सांकेतिक कमजोरी के साथ 22,599.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से यह सूचकांक भी लगातार गिरता चला गया। पहले आधे घंटे के कारोबार में ही निफ्टी लुढ़क कर 22,445.70 अंक के स्तर पर आ गया। हालांकि इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की चाल में मामूली सुधार होता हुआ नजर आया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 127.30 अंक यानी 0.56 प्रतिशत लुढ़क कर 22,475.75 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,801 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 860 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,941 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से सात शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 23 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से नौ शेयर हरे निशान में और 41 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियां में से टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजी, टेक महिंद्रा, इंफोसिस और ट्रेंट लिमिटेड के शेयर 2.31 प्रतिशत से लेकर 0.90 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, अदानी एंटरप्राइजेज, आईटीसी, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, अदानी पोर्ट्स और इंटरग्लोब एवियेशन के शेयर 3.47 प्रतिशत से लेकर 1.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 429.11 अंक यानी 0.59 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 72,638.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 173.05 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,603.05 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।







