मुंबई, 08 अक्टूबर । महाराष्ट्र के कुर्ला के नेहरू नगर इलाके स्थित मास मेट्रोपोलिस इमारत में बीती रात लिफ्ट अचानक छह मंजिल नीचे गिर जाने के बाद लिफ्ट में फंसे 14 लोगों को तीन घंटे बाद बचा लिया गया है। इससे इमारत के लोगों ने राहत महसूस किया। इस घटना की छानबीन नेहरुनगर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि सभी लोग 14वीं मंजिल पर आयोजित जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने आए थे। रात करीब 12.40 बजे खाना खाने के बाद वे नीचे जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुए। लिफ्ट छठी मंजिल तक सामान्य रूप से आई, लेकिन अचानक जोरदार झटका लगा और वह तेजी से नीचे जाने लगी। लिफ्ट करीब छह मंजिल नीचे गिरने के बाद ग्राउंड फ्लोर से कुछ पहले रुक गई।
अचानक हुए इस घटनाक्रम से लिफ्ट में चीख-पुकार मच गई। लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े और बच्चों में दहशत फैल गई। लिफ्ट के रुकने के बाद उसके दरवाजे नहीं खुले। अंदर अंधेरा होने से लोगों की घबराहट और बढ़ गई। इस घटना की सूचना मिलने पर नेहरू नगर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने कटर और हाइड्रोलिक जैक की मदद से लिफ्ट खोलने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद लिफ्ट का हिस्सा काटकर आज तडक़े सभी 14 लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी ने राहत की सांस लीं। नेहरु नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लिफ्ट की क्षमता, ओवरलोडिंग, तकनीकी खराबी, मेंटेनेंस और सेफ्टी ऑडिट समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।







