मुंबई, 09 अक्टूबर । अभिनेता राजकुमार राव की आगामी फिल्म 'प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी' को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ रही है। फिल्म का ट्रेलर जारी होने के बाद अब निर्माताओं ने इसका नया गाना 'तुझ में बसी मेरी जान' रिलीज कर दिया है। गाने में राजकुमार राव और वामिका गब्बी की खूबसूरत जोड़ी नजर आ रही है। दोनों के बीच रोमांटिक केमिस्ट्री और भावनात्मक पल गीत को खास बनाते हैं।
टी-सीरीज के बैनर तले जारी इस गाने को प्रीतम ने संगीतबद्ध किया है, जबकि इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं। श्रेया घोषाल और सोनू निगम की सुरीली आवाज ने गीत को रोमांटिक अंदाज दिया है। गाने के वीडियो में फिल्म के दोनों प्रमुख किरदारों की शादी और उसके बाद की जिंदगी के खूबसूरत पलों को दिखाया गया है। संगीत, भावपूर्ण बोल और दोनों कलाकारों की जोड़ी के जरिए उनके रिश्ते की गहराई को पर्दे पर उतारने की कोशिश की गई है।
मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी 'प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी' एक बायोग्राफिकल ड्रामा है, जिसमें राजकुमार राव भारतीय वकील उज्ज्वल निकम की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है। इसकी कहानी 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के आरोपित अजमल कसाब को फांसी की सजा दिलाने के लिए लड़ी गई कानूनी लड़ाई पर आधारित है। फिल्म में जहां एक ओर कानूनी संघर्ष और न्याय की लड़ाई देखने को मिलेगी, वहीं नया गाना कहानी का भावनात्मक पक्ष भी सामने लाता है।







