Breaking News

वित्त मंत्री सिंगापुर पहुंचीं, वैश्विक निवेशकों को संबोधित करने सहित अहम बैठकों में होंगी शामिल


व्यापार 09 October 2026
post

वित्त मंत्री सिंगापुर पहुंचीं, वैश्विक निवेशकों को संबोधित करने सहित अहम बैठकों में होंगी शामिल

नई दिल्ली, 09 अक्टूबर। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर शुक्रवार को सिंगापुर पहुंचीं। वित्त मंत्री 9-11 अक्टूबर तक की इस यात्रा के दौरान सिंगापुर के शीर्ष नेतृत्व, वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के दिग्गजों के साथ उच्चस्तरीय बैठकें करेंगी। इन बैठकों का उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करना है।

वित्त मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में बताया कि केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण का आज सिंगापुर के चांगी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भारत के हाई कमिश्नर शिल्पक अंबुले ने स्वागत किया। निर्मला सीतारमण तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे में सिंगापुर के नेताओं और वैश्विक निवेशकों से मिलेंगी।

सीतारमण इस दौरे में सिंगापुर के शीर्ष सरकारी नेतृत्व से मुलाकात करेंगी और बिजनेस एवं निवेशक समुदाय के वरिष्ठ सदस्यों तथा वैश्विक संस्थागत निवेशक के साथ बातचीत करेंगी। मंत्रालय के अनुसार सीतारमण सिंगापुर के राष्ट्रपति थरमन षणमुगरत्नम, प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग, उपप्रधानमंत्री गन किम योंग और विदेश मंत्री विवियन बालकृष्णन से मुलाकात करेंगी।

वित्त मंत्रालय के अनुसार निवेशकों के साथ बातचीत के तहत सीतारमण ‘हेज फंड और पोर्टफोलियो फंड’ प्रबंधकों के साथ एक गोलमेज बैठक में हिस्सा लेंगी। इसके अलावा वह निवेशकों, वित्तीय संस्थानों और उद्योग जगत के दिग्गजों के साथ भी सरकार-कारोबार (जी2बी) की कई बैठकें करेंगी।

उल्लेखनीय है कि भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के मामले में सिंगापुर सबसे बड़ा स्रोत है। अप्रैल 2000 से मार्च 2026 के बीच वहां से कुल 194.68 अरब डॉलर का निवेश आया है। जीआईसी और टेमासेक सहित सिंगापुर स्थित संस्थागत निवेशकों ने भारतीय अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े निवेश किए हैं।

You might also like!


RAIPUR WEATHER