मुंबई, 10 अक्टूबर । मुंबई क्राइम ब्रांच ने लोगों के कॉल रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन की गोपनीय जानकारी अवैध रूप से हासिल कर उसे बेचने वाले दो पुलिस कर्मियों सहित नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मुंबई क्राइम ब्रांच पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है।
मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त नवनाथ धवले ने शनिवार को मीडिया को बताया कि ओशिवरा पुलिस स्टेशन की टीम ने काल डिलेट के आधार पर चोरी गए मोबाइल को ढ़ूंढऩे का दावा करने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया था। वह अपनी पहचान पुलिस अधिकारी संजय के रुप में दे रहा था। उससे पूछताछ के बाद क्राइम ब्रांच पुलिस ने इस मामले में दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया।
इन दोनों के मोबाइल फोन ट्रेस करने के बाद पुलिस को अन्य आरोपितों का पता चला। इनमें से आरोपित पुलिसकर्मी बिहार से और एक पुलिसकर्मी झारखंड से गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपितों के पास से 50 सीडीआर, 520 ग्राहकों से संबंधित डेटा, 550 लोकेशन रिकॉर्ड, 420 इंटरनेशनल मोबाइल इक्विपमेंट आइडेंटिटी (आईएमईआई) विवरण और सात मोबाइल फोन जब्त किए हैं। गिरोह कथित तौर पर वैवाहिक विवादों, व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता और कर्मचारियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए यह जानकारी उपलब्ध कराता था। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।


.jpeg)




