सारंगढ़-बिलाईगढ़, 10 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में चांटीपाली जंगल स्थित वॉच टॉवर के पास एक पुरुष और महिला से लूटपाट करने के मामले में फरार आरोपित को बरमकेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से लूट की रकम में से शेष 1,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। आरोपित को आज शनिवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामले में थाना बरमकेला में अपराध क्रमांक 133/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6), 296, 351(3) और 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। चांटीपाली जंगल स्थित वॉच टॉवर के पास सुनसान स्थान पर घूमने गए एक पुरुष और महिला के साथ लूटपाट की गई थी। घटना के बाद से ही आरोपित फरार चल रहा था।
फरार आरोपित की पहचान गजानंद निषाद (27), निवासी ग्राम मल्दा, थाना सारंगढ़ के रूप में हुई। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान उसके रायगढ़ जिले के गेरवानी प्लांट में छिपे होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी ए.के. बेक के नेतृत्व में बरमकेला पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि लूट की कुल 5,300 रुपये की रकम में से शेष 1,500 रुपये आरोपित के कब्जे से बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित को आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना बरमकेला के स्वतंत्र प्रभार पीएसआई भारती, उप निरीक्षक ए.के. बेक, प्रधान आरक्षक भुनेश्वर पंडा, आरक्षक खिलावन बघेल, थाना बरमकेला के अन्य पुलिसकर्मियों और साइबर सेल सारंगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।







