Breaking News

जनसमस्याओं का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें : कलेक्टर


छत्तीसगढ़ 13 October 2026
post

जनसमस्याओं का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें : कलेक्टर

सूरजपुर । कलेक्टर रेना जमील की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास, धान खरीदी, सहित शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं विभागीय गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत, निर्माणाधीन एवं पूर्ण आवासों की जानकारी लेते हुए शेष आवासों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मदों से स्वीकृत विकास एवं निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने को कहा।

बैठक में जमील ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान खरीदी की तैयारियों एवं कृषक पंजीयन की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।  साथ ही कलेक्टर ने एग्रीस्टेक पंजीयन एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे के शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के संचालन एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती महिलाओं, शिशुओं एवं शिशुवती माताओं के टीकाकरण की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए उन्होंने राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यक्रम के तहत अधिक से अधिक नागरिकों की स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग में प्रगति लाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने आयुष्मान कार्ड निर्माण की जानकारी लेते हुए शेष पात्र हितग्राहियों का आयुष्मान एवं वय वंदना कार्ड शीघ्र बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं में आवश्यक सुधार लाने पर जोर दिया। साथ ही टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों को गति देने के निर्देश दिए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, अनुपस्थिति एवं अवकाश की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लंबे समय से अनुपस्थित शिक्षकों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति एवं शैक्षणिक गतिविधियों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर जमील ने समय-सीमा, जनदर्शन, सेवा सेतु, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं पीजी पोर्टल के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारी नियमित अपने दायित्वों का जवाबदेही के साथ निर्वहन करें। बैठक में कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर नयन तारा सिंह सहित समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER