Breaking News

ओम बिरला, शाह व अन्य ने राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के स्थापना दिवस पर जवानों को दी शुभकामनाएं


देश 16 October 2026
post

ओम बिरला, शाह व अन्य ने राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के स्थापना दिवस पर जवानों को दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर । लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने शुक्रवार को राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के स्थापना दिवस पर जवानों को शुभकामनाएं दी।

ओम बिरला ने एक्स पर लिखा, "राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के स्थापना दिवस पर देश की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने वाले जाँबाज़ कमांडोज़ का अभिवादन। आतंकवाद और गंभीर सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए गठित इस विशिष्ट बल ने अदम्य साहस, उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और असाधारण दक्षता से अपनी पहचान बनाई है। आतंकवाद-रोधी अभियानों से लेकर उच्च जोखिम वाले सुरक्षा दायित्वों तक, उनकी तत्परता, सटीक रणनीति और टीमवर्क उन्हें देश की सुरक्षा क्षमताओं का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाते हैं। ‘सर्वत्र सर्वोत्तम सुरक्षा’ के ध्येय के साथ राष्ट्र की रक्षा में जुटे एनएसजी के सभी जवानों और उनके परिवारों को हार्दिक शुभकामनाएँ।"

अमित शाह ने कहा कि एनएसजी के योद्धाओं ने भारत के सामने आए हर आतंकी खतरे को तूफानी तेवर के साथ नेस्तनाबूद किया है और अटूट साहस, बेहतरीन पेशेवर क्षमता तथा वीरतापूर्ण बलिदानों के ज़रिए देश की रक्षा की है।

संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि देश के 'ब्लैक कैट कमांडो' असाधारण साहस, अनुशासन और समर्पण के प्रतीक हैं। राष्ट्र को सुरक्षित रखने और हर खतरे के सामने मजबूती से डटे रहने के उनके संकल्प को नमन करते हैं।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एनएसजी के सभी जांबाजों ने अपने असाधारण समर्पण और निःस्वार्थ सेवाभाव से ध्येय वाक्य ‘सर्वत्र सर्वोत्तम सुरक्षा’ को चरितार्थ करते हुए साहस और शौर्य की नई गाथा लिखी है। आपकी वीरता और कर्तव्यनिष्ठा पर हर भारतवासी को गर्व है।

केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि देश की रक्षा के लिए आपका अदम्य साहस और समर्पण सभी के लिए प्रेरणा है।

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि “सर्वत्र सर्वोत्तम सुरक्षा” के ध्येय के साथ देश की रक्षा में सदैव तत्पर राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के सभी वीर जवानों की अनुकरणीय भूमिका, अदम्य साहस और पराक्रम सम्पूर्ण राष्ट्र को गौरवान्वित करने वाला है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि देश के वीर जवानों का असाधारण साहस, पेशेवर रवैया और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति समर्पण हर भारतीय के लिए अत्यंत गर्व की बात है। उन्होंने कर्तव्य पालन के दौरान अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका साहस और समर्पण राष्ट्र सेवा की सर्वोच्च परंपराओं का प्रमाण है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER