बलरामपुर, 23 अक्टूबर । राष्ट्रीय राजमार्ग-343 के निर्माण में देरी और कथित लापरवाही से परेशान नगरवासियों ने शुक्रवार सुबह को रामानुजगंज में गोपाल फ्यूल के पास मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में तेजी लाने और आवागमन की समस्या दूर करने की मांग की। चक्काजाम के कारण रामानुजगंज-बलरामपुर मार्ग पर यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि न्यू एरा स्कूल से रामानुजगंज तक एनएच का निर्माण बेहद धीमी गति से चल रहा है। निर्माण कार्य में लापरवाही के कारण लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि सड़क पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं होने से धूल उड़ती है, जिससे लोगों का वहां से गुजरना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा नाली निर्माण में भी लापरवाही बरती जा रही है।
अग्रवाल ने आरोप लगाया कि नाली निर्माण के दौरान बिजली के खंभे उखाड़े जाने से कई बार घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। इन समस्याओं से परेशान होकर स्थानीय लोगों के साथ चक्काजाम करना पड़ा, ताकि निर्माण कार्य में तेजी आए और आम लोगों को राहत मिल सके।
चक्काजाम की सूचना मिलने पर रामानुजगंज एसडीएम आनंद राम नेताम, तहसीलदार मनोज पैकरा और थाना प्रभारी जितेंद्र सोनी मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने कहा कि एनएच-343 के निर्माण में धीमी गति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है, जिसके चलते उन्होंने चक्काजाम किया है। प्रशासन की कोशिश है कि निर्माण एजेंसी के अधिकारियों और ठेकेदार से चर्चा कर यातायात को जल्द सुगम बनाया जाए।
एसडीएम ने बताया कि निर्माण कार्य की निगरानी के लिए तहसीलदार और नायब तहसीलदार की ड्यूटी लगाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि काम की प्रगति और गुणवत्ता पर नजर रखी जा सके। उन्होंने कहा कि कलेक्टर की ओर से भी निर्माण कार्य को लेकर निर्देश दिए गए थे। अब यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा कि काम जल्द पूरा हो और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
चक्काजाम के दौरान एनएच-343 पर रामानुजगंज से बलरामपुर तक निर्माण कार्य करा रही निजी कंपनी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। निर्माण कार्य में तेजी लाने की बात पर सहमति बनने के बाद चक्काजाम समाप्त किया गया। इसके बाद मार्ग पर यातायात बहाल करने की प्रक्रिया शुरू हुई।
Breaking News
- मसालों को स्टोर करने का सही तरीका, स्वाद रहेगा बरकरार
- पीएम मोदी ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में रिकॉर्ड 114 मेडल जीतने पर भारतीय पैरा-एथलीटों को बधाई दी
- छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में न्यायधानी नाइट्स की शानदार जीत, डिप्टी CM ने किया खिलाड़ियों को सम्मान
- ईरान-पाकिस्तान के संबंध मौजूदा मुश्किलों से पार पा लेंगे: हसन नौरियन
- लाना नुसेबेह: अगली UN चीफ
- पूर्वोत्तर में 'नार्को-कार्टेल' पर बड़ी कार्रवाई के बाद गृहमंत्री शाह का तस्करों को कड़ा संदेश
- नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर रायपुर यातायात पुलिस की कार्रवाई, क्रेन से हटाए वाहन
- लंबे समय तक हीमोग्लोबिन कम रहना सेहत के लिए नुकसानदायक
- वाराणसी में मेगा एयर शो : दूसरे दिन राफेल-तेजस समेत लड़ाकू विमानों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
- हिमाचल को केंद्र सरकार की बड़ी सौगात, 320 नई पीजी मेडिकल सीटों को मंजूरी
रामानुजगंज में एनएच निर्माण की धीमी गति पर फूटा लोगों का गुस्सा, घंटों जाम रहा मुख्य मार्ग







