Breaking News

बोस्निया में यूरोपीय संघ शांति मिशन के दौरान इटली का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त


विदेश 30 October 2026
post

बोस्निया में यूरोपीय संघ शांति मिशन के दौरान इटली का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त

सारायेवो (बोस्निया और हर्जेगोविना), 30 अक्टूबर । बोस्निया में यूरोपीय संघ शांति मिशन के दौरान इटली का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में चार सैन्यकर्मियों का सर्वोच्च बलिदान हो गया। यूरोपीय संघ बल ने बताया कि गुरुवार शाम बोस्निया और हर्जेगोविना में नियमित प्रशिक्षण के दौरान यह चिनूक सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में चार सैन्य कर्मियों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए।

बोस्निया और हर्जेगोविना के बंजा लुका से प्रकाशित सर्बो-क्रोशियाई भाषा के दैनिक समाचार पत्र 'ग्लास सर्पस्के' की रिपोर्ट के अनुसार, यह हवाई हादसा ब्रको के पास गोरिस सेक्टर में हुआ। हादसे में वीरगति को प्राप्त होने वाले बहादुरों में दो इटली की आर्म्ड फोर्सेज और दो इटैलियन मिलिट्री रेडक्रॉस के के सदस्य हैं। 11 घायलों में से दो को तुजला मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। नौ का ब्रको में इलाज चल रहा है।

यूरोपीय संघ बल ने आधिकारिक बयान में कहा कि इस घटना में घायल सभी लोगों की हालत अभी स्थिर है। बल ने इस दुर्घटना की प्रकृति को देखते हुए सभी से भ्रामक जानकारी फैलाने से बचने की अपील की है। यूरोपीय संघ बल ने शहीद सैनिकों के परिवारों, दोस्तों और रिश्तेदारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

यूरीपीय संघ बल के जनसंपर्क कार्यालय के बयान में कहा कि हादसे की सूचना मिलते ही बोस्निया और हर्जेगोविना की स्थानीय आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और बल की संपर्क एवं निगरानी टीम के सदस्य तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़ितों को ब्रको के चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाया। इस घटना में कोई आम नागरिक घायल नहीं हुआ है और न ही नागरिकों के बुनियादी ढांचे, संपत्ति या वाहनों को कोई नुकसान पहुंचा है।

इटली सरकार ने देश के चिंतित सैन्य परिवारों में से पीड़ित परिवारों को उनके सदस्यों के नाम बता दिए हैं। इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने एक्स पोस्ट में इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने पीड़ितों, उनके रिश्तेदारों और इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए तैनात सभी कर्मियों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने इटली सरकार की ओर से अपना समर्थन और एकजुटता भी जाहिर की।

You might also like!


RAIPUR WEATHER