Breaking News

जगदलपुर बाल संप्रेक्षण गृह से फरार पांच बच्चाें का 8 दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग


छत्तीसगढ़ 14 November 2026
post

जगदलपुर बाल संप्रेक्षण गृह से फरार पांच बच्चाें का 8 दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग

जगदलपुर, 14 नवंबर। बस्तर जिला मुख्यालय के वृंदावन कॉलोनी में स्थित शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह से फरार हुए पांच बच्चों का 8 दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। 6 नवंबर को हुई इस घटना के बाद से पुलिस लगातार बच्चों की तलाश कर रही है, लेकिन अब तक उनके संबंध में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि मामला कई दिनों तक दबा रहा। धनतेरस यानी करीब 6 नवंबर को हुई यह घटना 12 नवंबर को मीडिया के सामने आई। अब सवाल उठ रहा है कि प्रबंधन ने इतने दिनों तक इसे क्यों छिपाया? क्या विभागीय स्तर पर इस बड़ी लापरवाही को दबाने की कोशिश की जा रही थी?

बाल संप्रेक्षण गृह की अधीक्षक मनोजकांत जोशी के अनुसार, बुधवार 6 नवंबर को सभी पांच बच्चों ने परिसर में निर्माणाधीन भवन की खिड़की का ग्रिल तोड़ा और वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही संप्रेक्षण गृह के कर्मचारियाें ने तत्काल बोधघाट पुलिस को सूचना दी गई।

मिली जानकारी के मुताबिक, धनतेरस के दिन संप्रेक्षण गृह में पूजा का आयोजन हो रहा था। इस दौरान वहां मौजूद स्टाफ, केयरटेकर और सुरक्षाकर्मी पूजा में पूरी तरह व्यस्त थे। इसी मौके का फायदा उठाकर पांच बच्चे निर्माणाधीन भवन की तरफ पहुंच गए। उन्होंने वहां लगी खिड़की की ग्रिल तोड़ी और आसानी से बाहर निकल गए। पूजा खत्म होने के बाद जब बच्चों की गिनती की गई तब इस घटना का पता चला। पांच बच्चों के कम होने से पूरे प्रबंधन में हड़कंप मच गया। इसके बाद बोधघाट पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस बच्चों की तलाश कर रही है।

बताया जा रहा है कि, इस संप्रेक्षण गृह से बच्चों के भागने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी यहां से बच्चों के फरार होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद परिसर के निर्माणाधीन हिस्से को सुरक्षित रखने के कोई खास इंतजाम नहीं किए गए। फिलहाल बोधघाट पुलिस फरार हुए पांचों बच्चों की तलाश में जुटी हुई है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER