Breaking News

नासिक कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर 19 और 20 नवंबर को होगी समीक्षा बैठक


शहर 17 November 2026
post

नासिक कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर 19 और 20 नवंबर को होगी समीक्षा बैठक

नासिक, 17 नवंबर । आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले के सफल आयोजन की दिशा में प्रशासन ने तैयारियों को गति देने की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में 19 और 20 नवंबर को नासिक में दो दिवसीय समीक्षा बैठक की जाएगी।

बैठक में कुंभ मेले से जुड़ी व्यवस्थाओं, विकास परियोजनाओं और विभिन्न विभागों की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा होगी। बैठक का मुख्य उद्देश्य आयोजन से संबंधित कार्यों में तेजी लाना और सभी सरकारी विभागों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने तथा आपदा प्रबंधन की तैयारियों का भी आकलन किया जाएगा।

कुंभ मेला आयुक्त की ओर से संबंधित विभागों के प्रमुखों को पत्र जारी कर अपने-अपने विभाग के नोडल अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है। बैठक में अधिकारियों को अपने विभाग की ओर से अब तक किए गए कार्यों और शेष तैयारियों का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा, मेले के दौरान प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारी, कार्यक्षेत्र और भूमिका को स्पष्ट किया जाएगा, ताकि आयोजन के समय प्रशासनिक स्तर पर किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति न बने।

इस दो दिवसीय बैठक में कुंभ मेले के लिए प्रस्तावित और पहले से शुरू किए गए बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी। परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति के साथ उनके आगामी चरणों और निर्धारित कार्ययोजना पर विचार-विमर्श होगा। प्रशासनिक स्तर पर इस बैठक को कुंभ मेले की तैयारियों को व्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उम्मीद है कि इसमें विभिन्न विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने और आयोजन से जुड़े जरूरी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए अहम फैसले लिए जाएंगे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER