Breaking News

देवउठनी एकादशी का पर्व: गन्ने का मंडप सजाकर होगी तुलसी पूजा


छत्तीसगढ़ 19 November 2026
post

देवउठनी एकादशी का पर्व: गन्ने का मंडप सजाकर होगी तुलसी पूजा

धमतरी, 19 नवंबर । देवउठनी एकादशी का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए घर-घर गन्ने का मंडप सजा कर तुलसी विवाह की पूजा होगी।

देवउठनी (देवप्रबोधिनी एकादशी ) का पर्व शुक्रवार 20 नवंबर को मनाया जाएगा। इस पर्व में भगवान विष्णु को धूप, दीप, नैवेद्य, फूल, गंध, चंदन, फल और अर्घ्य आदि अर्पित कर पूजा अर्चना की जाएगी। देवउठनी एकादशी पर्व में घरों में गन्ने से मंडप सजाया जाता है। इसके चलते देवउठनी एकादशी पर्व में गन्ने की विशेष मांग रहती है। पूजन में खास तौर पर इस्तेमाल मंडप के लिए उपयोग आने के कारण गन्ने की मांग इस पर्व में बढ़ जाती है। त्याेहार विशेष में गन्ने की खपत को देखते हुए धमतरी जिले के अलावा अन्य जिले से भी काफी संख्या में गन्ना उत्पादक और विक्रेता शहर पहुंचते हैं। इस साल भी काफी संख्या में गन्ना बेचने के लिए यहां किसान पहुंचे।

सिर्री कला फिंगेश्वर राजिम के गन्ना उत्पादक जयंत राम साहू, नूतन साहू, सुरेश साहू ने बताया कि इस साल प्रति जोड़ी गन्ने को 80 रुपये से 100 रुपये में बेच रहे हैं। इस साल क्षेत्र में लगातार मौसम में उतार-चढ़ाव होने के कारण गन्ने के उत्पादन में असर पड़ा है। इस कारण पिछले साल की तुलना में इस साल तक कीमत में बढ़ोतरी करनी पड़ी है। सुरेश साहू, गुलाब साहू ने बताया कि सीजन विशेष में गन्ने की मांग को देखते हुए इसे काफी मेहनत से तैयार किया गया है, पर उत्पादन के अनुरूप भाव नहीं मिल रहा है।

सिर्री कला फिंगेश्वर के गन्ना उत्पादक गणेश राम साहू मोतीलाल साहू बाजार में प्रमुख रूप से तीन प्रकार जा गन्ना बिक रहा है। लाल मलागर, सफेद बांग्ला फोरम व लकड़हा लाड़ी। इनमें लाल मलागर गन्ना मुंह से छील कर खाने के लिए बेहतर होता है, क्योंकि इसके छिलके पतले होते हैं। साथ ही यह अधिक मीठा होता है। सफेद बांग्ला फोरम व लकड़हा काड़ी के नाम से बाजार में बिक रहे ये दोनों किस्म के गन्ने लाल मलागर की तुलना में कम मिठास लिए और मोटे छिलके वाले होते हैं।

चार माह बाद मांगलिक कार्यों की होगी शुरुआत

पंडित राजकुमार तिवारी ने बताया कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवप्रबोधिनी एकादशी कहते हैं। धर्म ग्रंथों के अनुसार, भाद्रपद मास (भादौ) की शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु ने दैत्य शंखासुर को मारा था। शंखासुर बहुत पराक्रमी दैत्य था। इस वजह से लंबे समय तक भगवान विष्णु का युद्ध उससे चलता रहा। अंतत: घमासान युद्ध के बाद शंखासुर मारा गया। इस युद्ध से भगवान विष्णु बहुत अधिक थक गए। तब वे थकावट दूर करने के लिए क्षीरसागर में आकर सो गए। वे वहां चार महिनों तक सोते रहे और कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को जागे। तब सभी देवी-देवताओं द्वारा भगवान विष्णु का पूजन किया गया। इसी वजह से कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की इस एकादशी को देवप्रबोधिनी एकादशी कहा जाता है। इस दिन व्रत-उपवास करने का विधान है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER